कोरबा। फसल बीमा योजना के तहत पहली बार छत्तीसगढ़ के किसानों को इतनी बड़ी रकम जिले के किसानों की मिलेगी। करीब 15 करोड़ 70 लाख रुपये की बड़ी राशि क्षतिपूर्ति के रूप में मिलने जा रही है। जिले के 7 हजार एक सौ 53 किसानों की खरीफ 2018 में खेतों में लगी फसल खराब होने पर बीमा कंपनी द्वारा उन्हें यह राशि दी जायेगी।
कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने सभी प्रभावित किसानों के बैंक खातों में सीधे यह राशि जल्द से जल्द जमा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सबसे अधिक बीमा की क्षतिपूर्ति जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पाली शाखा से जुड़े 1695 खातेदार किसानों को 6.50 करोड़ रूपये से अधिक की क्षतिपूर्ति राशि मिलेगी।
दीपका शाखा के 1006 खातेदारों को दो करोड़ 64 लाख, कटघोरा शाखा के 1129 किसानों को दो करोड़ 37 लाख, बरपाली शाखा के 1786 किसानों को एक करोड़ 80 लाख, कोरबा शाखा के 743 किसानों को एक करोड़ 60 लाख और पोंड़ीउपरोड़ा शाखा के 794 किसानों को 78 लाख रूपये बीमा कंपनी देगी।
सहकारी बैंक के अधिकारियों ने बताया कि इतनी बड़ी राशि लगभग 10 वर्षों में पहली बार जिले के किसानों को फसल खराब होने पर बीमा की क्षतिपूर्ति के रूप में मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में नई सरकार ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर बीमा कराई गई फसलों के खराब होने पर किसानों को क्षतिपूर्ति राशि की मंजूरी के लिए विशेष मानिटरिंग की गई थी। सभी किसानों के खेतों तक पहुंचकर फसलों की स्थिति का सही भौतिक सत्यापन बीमा कंपनी और प्रशासन के अधिकारियों ने किया था।
सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में खरीफ 2018 के दौरान कुल 12125 किसानों की 26030 हेक्टेयर में लगी फसलों का बीमा युनाईटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से कराया गया था। इसके लिए बीमा कंपनी को एक करोड़ 71 लाख रूपये का प्रीमियम अदा किया गया था।
फसलों का बीमा कराने वाले किसानों में कृषि ऋण लेकर खेती करने वाले 11 हजार 960 और 165 अऋणी किसान शामिल थे। फसलें खराब होने पर 7025 ऋणी किसानों को 15 करोड़ 44 लाख रूपये और 128 अऋणी किसानों को 25 लाख 52 हजार रूपये बीमा क्षतिपूर्ति मिलेगी।
यह भी देखें :
आग बुझा कर लौट रहा था दमकल वाहन…ब्रेक फेल…गाड़ी पलटने से चालक की मौत…
Add Comment