
रायपुर। राज्य में आगामी चौबीस घंटों के दौरान मौसम का मिजाज शुष्क बना रहेगा। इस दौरान पड़ रही जोरदार गर्मी के असर से राज्य में कुछ स्थानों पर लू के हालात निर्मित होने का भी अनुमान है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी बिलासपुर शहर राज्य में सर्वाधिक गर्म रहने वाले शहरों में शामिल हो गया है।
समुद्र तूफान फेनी के गुजरने के बाद से ही मौसम लगातार शुष्क होता जा रहा है। राज्य में पड़ रही जोरदार गर्मी का असर है कि दोपहर होते ही प्रमुख सडक़ें सूनसान हो रही हैं। बात राजधानी रायपुर की करें तो इस सीजन में भी रायपुर अन्य शहरों के मुकाबले ज्यादा गर्म है, लेकिन राज्य की न्यायधानी बीते कुछ सालों से सर्वाधिक गर्म रहने वाले शहरों की लिस्ट में शामिल हो गया है।
बीते कुछ सालों के रिकार्ड से यह स्पष्ट हो गया कि रायपुर का रिकार्ड तोड़ बिलासपुर अब सबसे ज्यादा गर्म शहर बन गया है। इधर इसके पूर्व राज्य के जांजगीर-चांपा जिला सर्वाधिक गर्म रहने वाला स्थान था। इसके बाद राजधानी रायपुर का नंबर था और इसके बाद बिलासपुर शहर का नंबर आता था।
लेकिन अब यह ठीक उलट हो गया है, बिलासपुर बीते कुछ सीजन में सबसे ज्यादा गर्म शहर बन गया है। इधर मौसम विभाग की माने तो आने वाले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा। इसके अलावा राज्य के कुछ स्थानों पर लू के हालात निर्मित हो सकते हैं।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 44 डिग्री के करीब है। आज अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री रिकार्ड किया गया है। इसी तरह अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, न्यूनतम 25.6, बिलासपुर सबसे अधिक 43.5 और न्यूनतम 27.5, पेण्ड्रारोड अधिकतम तापमान 40.1, न्यूनतम 25.1 तथा वनांचल क्षेत्र जगदलपुर में अधिकतम 40.7 डिग्री और 25.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है।
यह भी देखें :
एक्जिट पोल: क्या थे 2014 चुनाव के नतीजे…कितना सही बैठा था अनुमान…पढ़े पूरी खबर…