छत्तीसगढ़स्लाइडर

मुसाफिर ध्यान दें…चार दिनों तक नहीं मिलेगी बसें…चुनाव में किया जा रहा है अधिग्रहण…बढ़ेगी परेशानी…

महासमुंद। लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को बसों का अधिग्रहण किया जाएगा। दोपहर बाद गाडिय़ां निर्धारित जगहों पर खड़ी हो जाएंगी। चार दिन तक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। 19 अप्रैल को ही बसों का परिचालन सामान्य होगा।

करीब 250 बसों का अधिग्रहण होगा। इसके अलावा 50 स्कूल बसें अधिग्रहित की जाएंगी। बसों के अधिग्रहण के लिए बस एसोसिएशन और संचालकों को सूचना दी गई है।

सोमवार सुबह 12 बजे से मुख्यालय से विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसें मतदान दल और सुरक्षा बलों को मतदान केंद्र तक लेकर जाने और वापस लेकर आने के लिए मंडी परिसर में रखी जाएंगी। मिनी बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने बताया कि 250 बसों का अधिग्रहण होगा। 6 डाक वाहनें भी चलेंगी। ये बसें 18 को मतदान होने के बाद 19 और 20 अप्रैल को वापस लौटेंगी।



जानकारी के मुताबिक रायपुर रूट पर कुल 75 बसें संचालित हैं। इसी क्रम में सिरपुर में 8, पिथौरा में 23, खम्हरिया में 5, बागबाहरा में 30, राजिम में 30, छुरा रूट में 5 बस चलती है। इनमें से लगभग 95 फीसदी बसों का अधिग्रहण होना तय है।

लिहाजा, मार्गों पर इक्का-दुक्का ही बसें चलेंगी। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बताया जाता है कि 17 अप्रैल को ये बसें भी अधिगृहित हो जाएंगी। 19 अप्रैल तक यात्रियों को सफर करने के लिए निजी साधन का उपयोग करना होगा।



बॉक्स 350 बसों की डिमांड
मिनी बस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने बताया कि 350 बसों की डिमांड है। इसमें महासमुंद जिला मुख्यालय से विभिन्न मार्गों पर चलने वाली 250 बसों का अधिग्रहण होगा। वहीं 50 स्कूल बसों का भी अधिग्रहण किया गया है।

बाकी गाडिय़ों का इंतजाम रायपुर से किया जाएगा। सरायपाली, बसना और बागबाहरा के लिए 16 अप्रैल को बसें रवाना हो जाएंगी। सरायपाली के लिए 42, बसना 40 और बागबाहरा के लिए 44 बसें रवाना होंगी।
WP-GROUP

अधिकारियों के लिए 120 स्कार्पियो का अधिग्रहण
संयुक्त कलेक्टर शिवकुमार तिवारी ने बताया कि 15 अप्रैल की सुबह से वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। सभी वाहन मालिकों को आरटीओ के माध्यम से सूचना दे दी गई है। 140 छोटी व 125 बड़ी बसों की आवश्यकता है। इसके अलावा अधिकारियों के लिए 120 स्कार्पियो व छोटी वाहनें अधिग्रहित की जाएंगी।

संसदीय निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक.09 महासमुंद के अंतर्गत जिले के चारों विधानसभा के मतदान दलों को वितरण केन्द्र से मतदान केन्द्रों तक लाने ले जान के लिए छोटी व बड़ी बस, स्कार्पियो, बोलेरो हल्के वाहन का अधिग्रहण आदेश पूर्व में किया गया है। मंडी परिसर पिटियाझर महासमुंद एवं शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल सरायपाली में अधिग्रहण कर रखा जाएगा।

यह भी देखें : 

14 ट्रेनें एक मई तक रद्द… मुसाफिर हुए परेशान…

Back to top button
close