छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

भाजपा पार्षद का अनोखा प्रदर्शन… कचरा लेकर निगम पहुंचे… कांग्रेस सरकार पर लगाया आरोप… कहा- कहने के बाद भी वार्ड में सफाई नहीं हुई, अब निगम को बताऊंगा बदबू से कितनी होती है परेशानी…

छत्तीसगढ़ में जगदलपुर नगर निगम के BJP पार्षद धनसिंह नायक अपने वार्ड की नाली की गंदगी और कचरा लेकर निगम कार्यालय पहुंचे हैं। निगम के बाहर वे धरने पर बैठ गए हैं।

जवाहर नगर वार्ड के पार्षद धनसिंह नायक का आरोप है कि वार्ड में सफाई करने कई बार निगम के अधिकारियों को कहा गया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। गंदगी और बदबू से वार्डवासी परेशान हैं। इसलिए खुद ही वार्ड की सफाई की और गंदगी को लेकर निगम पहुंचा हूं। ताकि इसकी बदबू से सभी को एहसास हो कि जब सफाई नहीं होती है तो किस तरह से जीना मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ और निगम की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाया जा रहा है। लेकिन, सफाई कहां होती है? शहर के सारे वार्ड गंदगी से अटे पड़े हैं। जवाहर नगर वार्ड में नालियां जाम हैं।

बदबू से लोग परेशान हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को जनता की कोई फिक्र नहीं है। नगर निगम जनता से विभिन्न तरह के टैक्स की वसूली कर अपना जेब भर रही है। धनसिंह नायक ने कहा जब तक निगम के कोई भी जिम्मेदार अधिकारी शहर की सफाई करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाते तब तक वे इसी तरह गंदगी और कचरा को साथ लिए निगम के बाहर धरना में बैठे रहेंगे।

हैंडपंप का मॉडल भी लेकर पहुंचे
धनसिंह नायक सिर्फ वार्ड का कचरा और गंदगी ही नहीं बल्कि हैंडपंप का मॉडल भी साथ लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि वार्डों में गंदगी तो है ही लेकिन पीने के पानी के लिए भी बड़ी समस्या बनी हुई है। गर्मी का सीजन सिर पर है और पानी की व्यवस्था करवाने के लिए नगर निगम कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। शहर के कई वार्ड ऐसे हैं जहां के लोग शुद्ध पेयजल के अभाव में जी रहे हैं। कई बार इस मामले को उठाया गया फिर भी पानी की सुविधा मुहैया कराने किसी ने ध्यान नहीं दिया।

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471