कोरबा। कोरबा लोकसभा सीट से कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत का नाम आगे आने से राजनीति सरगर्मी बढ़ गई है। वहीं दिल्ली में हुई बैठक में डॉ. चरणदास महंत का भी नाम जोड़ दिया गया। इससे अब इस सीट पर दावेदारों के पैनल में पति-पत्नी दोनों का नाम है।
इस बीच इस सीट से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे दूसरे नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। कोरबा सीट से अन्य दावेदारों में कोरबा के पूर्व कलेक्टर आरपीएस त्यागी और मनेंद्रगढ़ के विधायक डॉ. विनय जायसवाल का नाम प्रभुखता से सामने आया है।
पूर्व कलेक्टर त्यागी विधानसभा चुनाव में कटघोरा विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार थे। पार्टी ने उनको टिकट ना देकर पुरुषोत्तम कंवर पर दाव लगाया। कंवर यहां से जीतकर विधायक भी बने। अब त्यागी कोरबा संसदीय सीट से टिकट मांग रहे हैं। वहीं मनेंद्रगढ़ से पहली बार विधायक बने डॉ. विनय जायसवाल ने कोरिया में हुई बैठक में लोकसभा चुनाव लडऩे की अपनी इच्छा जता दी थी।
ज्ञात हो कि कोरबा से पिछले चुनाव में डॉ. चरणदास महंत चुनाव हार गए थे। 2009 से अस्तित्व में आई कोरबा सीट के पहले चुनाव में डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा की करुणा शुक्ला को हटाया था। लेकिन 2014 के चुनाव में महंत भाजपा के बंशीलाल महतो से महज 4 हजार 265 मतों के अंतर से हार गए थे। अब उन्होंने इस सीट पर अपनी पत्नी ज्योत्सना महंत का नाम आगे बढ़ा लेकिन पार्टी नेतृत्व ने पैनल में पत्नी के साथ महंत का भी नाम जोड़ दिया।
यह भी देखें :
Add Comment