रायपुर। पुलिस द्वारा हिन्दू संगठनों की सामान्य जानकारी एकत्रित करने को भाजपा धार्मिक और साम्प्रदायिक मुद्दा बनाने की ओछी राजनीति कर रही है। प्रदेश कांगेस के महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि शांत छत्तीसगढ़ में नफरत के बीज बोने भाजपा की चाल बेनकाब हो गयी है।
विभिन्न प्रकार के संगठनों के बारे में इस प्रकार की जानकारी एकत्रित करना पुलिस की कार्यप्रणाली का एक आवश्यक और सामान्य हिस्सा है। प्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी तब भी रमन सरकार द्वारा 26 फरवरी 2015 को ऐसी ही जानकारियां एकत्रित की गयी थी।
राज्य में काम करने वाले अनेक प्रकार के सामाजिक, धार्मिक और अन्य संगठनों के बारे में तथा उनकी कार्यशैली के बारे में जानकारी रखना राज्य की कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए आवश्यक होता है, ताकि जब कभी आवश्यकता हो तो प्रशासन इन संगठनों की बैठक आहूत कर सके, जरूरत के अनुसार इस जानकारी का प्रशासनिक उपयोग किया जा सके।
त्रिवेदी ने कहा कि इसे लेकर भाजपा छत्तीसगढ़ के द्वारा किये गये ट्विट और भाजपा के बयान चुनावों को देखते धर्म से धर्म को लड़ाने, भाई से भाई को लड़ाने और साम्प्रदायिकता फैलाने के लिए की जा रही बड़ी साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस के प्रति दुर्भावना फैलाने की भाजपा की इस साजिश के तहत पुलिस विभाग के रूटिन काम को लेकर कांग्रेस की दो ही माह पुरानी सरकार पर झूठे आरोप लगाये जा रहे हैं।
जो जानकारियां भाजपा सरकार के समय से ही पुलिस एकत्रित करते रही है वह कांग्रेस सरकार के द्वारा मंगाये जाने पर आपत्तिजनक कैसे हो गयी? भाजपा की सरकार हिन्दू संगठनों के बारे जानकारी एकत्रित करे तो उसमें कोई आपत्ति नहीं है। यदि कांग्रेस सरकार के समय पुलिस उसी प्रकार की जानकारी एकत्रित कर रही है तो वह हिन्दु विरोधी कैसे हो गयी?
यह भी देखें :
पुलिस अधीक्षकों को राज्य सरकार ने जारी किया पत्र…थानेवार मांगी हिंदू संगठनों की जानकारी
Add Comment