रायपुर। राजधानी रायपुर से मुंबई हवाई करने वाले यात्रियों को जेबें ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है। जेट की फ्लाइट बंद होने और मुंबई में चल रहे रनवे के काम के कारण यात्रा महंगी हो गई है। रायपुर से मुंबई का किराया 22 हजार तक पहुंच चुका है। इतना ही नहीं इस हफ्ते के आखिर तक दिल्ली-मुंबई की सारी फ्लाइटें फुल हो गई हैं।
ट्रैवल्स सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 12 फरवरी मंगलवार को रायपुर से मुंबई के लिए फेयर 20 हजार, बुधवार 13 फरवरी को 21 हजार तथा शुक्रवार 15 फरवरी को 22 हजार तक जा पहुंचा है। फ्लाइटों का किराया बढऩे के साथ ही खास बात यह है कि सभी फ्लाइटें फुल हो चुकी हैं और इसके कारण विमानन कंपनियों को मनमानी करने का मौका भी मिल रहा है।
गौरतलब है कि मुंबई में चल रहे रनवे के काम के कारण वहां सुबह 11 से शाम पांच बजे तक विमानों की आवाजाही बंद है। इसके बाद ही एयर इंडिया ने अपना नया शेड्यूल भी जारी किया है, लेकिन इंडिगो एयरलाइंस के शेड्यूल की जानकारी अभी तक नहीं है। बताया जा रहा है कि दिल्ली का फेयर तो अभी सामान्य है, लेकिन कुछ दिनों में यह भी बढ़ सकता है। जेट एयरवेज बंद होने के साथ ही इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट भी इन दिनों रद हुए जा रहे हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट का शेड्यूल
एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक एआइ 651रायपुर-विशाखापट्नम-मुंबई अब मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को मुंबई से सुबह 10.05 बजे उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट रायपुर 11.50 बजे पहुंचेगी तथा 12.30 बजे विशाखापट्नम के लिए उड़ान भरेगी। विशाखापट्नम 1.35 बजे पहुंचेगी तथा वहां से दोपहर तीन बजे छूटेगी और 5.10 बजे मुंबई पहुंचेगी।
यहां नहीं मिलेगा ऑफरों का लाभ
अभी वैलेंटाइन के अवसर पर ट्रैवल्स कंपनियों द्वारा डोमेस्टिक उड़ानों के लिए 899 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 3399 रुपये का फेयर जारी किया है। इन टिकटों की बुकिंग 13 फरवरी तक करानी होगी तथा यात्रा 26 से 28 फरवरी के बीच का है। लेकिन रायपुर से जेट की फ्लाइट बंद होने के कारण एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस ही बची है। ऐसे में राजधानी के यात्रियों को इस सस्ते ऑफर का लाभ नहीं मिल पाएगा।
विस्तारा की फ्लाइट के लिए डेढ़ महीने का इंतजार
विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली फ्लाइट 31 मार्च से तथा इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद फ्लाइट एक अप्रैल से शुरू हो रही है। विस्तारा की शुरू होने वाली इस फ्लाइट से सुबह और शाम दोनों के लिए काफी अच्छा होगा। फ्लाइट क्रमांक यूके 797 सुबह 8.20 बजे रायपुर विमानतल पहुंचेगी और 8.55 बजे दिल्ली के लिए छूटेगी।
इसी प्रकार देर शाम फ्लाइट क्रमांक यूके 793 रात 8.20 बजे दिल्ली के लिए छूटेगी। इसी प्रकार एक अप्रैल से इंडिगो की शुरू होने वाली अहमदाबाद फ्लाइट दोपहर 2.45 बजे रायपुर पहुंचेगी और 3.15 बजे अहमदाबाद के लिए छूटेगी। इन फ्लाइटों के शुरू होने के बाद स्थिति में कुछ सुधार होगा।
यह भी देखें :
Add Comment