कोंडागांव। कांग्रेस विधायक मोहन मरकाम ने कहा है कि पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। वह भी जब एक राष्ट्रीय पार्टी के कार्यालय में एक पत्रकार के साथ अभद्रता हो यह और भी दुखद हो जाता है। न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के साथ ही मीडिया भी लोकतंत्र का एक स्तम्भ है, ऐसे में पत्रकारों के साथ मारपीट करना किसी भी दल को शोभा नही देता।
आगे मरकाम ने कहा कि भाजपा प्रदेश में हुई करारी हार को पचा नहीं पा रही है और उसका गुस्सा अब पत्रकारों पर उतारने लगे हैं। पार्टी की विचारधारा और नेताओं के सदाचार की दुहाई देने वाली पार्टी की हकीकत सामने आ चुकी है।
चुनाव के परिणाम के लगभग ढेड़ महीने हो गए लेकिन भाजपा की हर बैठक में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है, यहां तक तो ठीक था लेकिन अब ये लोग पत्रकारों पर हमला करने लगे हैं, इसकी निंदा की जानी चाहिए। यह बहुत ही दुखद है कि एक पत्रकार को उसका मोबाइल, कैमरा छीनकर अपनी मनमानी की जाती है उसकी रिकार्ड की हुई चीजों को डिलीट कर दिया जाता है।
और उसके साथ मारपीट भी की जाती है ऐसे हालातों में पत्रकारों में आक्रोश पैदा होना स्वाभाविक है। इस घटना में पीडि़त पत्रकार साथी को न्याय मिलना चाहिए और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए।
उन्होंंने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार पत्रकारों की सुरक्षा और उनके हितों के संरक्षण के लिए कानून बनाने का काम कर रही है, इससे पत्रकारों को न्याय मिलेगा और पत्रकार अपने कार्य बिना किसी भय के कर सकेगें।
यह भी देखें :
Add Comment