रायुपर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी रणनीतिक तैयारियों में जुट गई है। रविवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक संपन्न हुई।
जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगामी 15 फरवरी के रायपुर दौरे की तैयारियों के अलावा संकल्प पत्र रथयात्रा और आजीवन सहयोग निधि के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस देश का मान बढ़ाया है। आमजनों के साथ देश की मोदी-सरकार है और इसका ताजा उदाहरण एक फरवरी को संसद में पेश अंतरिम बजट है जो जन भावनाओं की अभिव्यक्ति है।
सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी बजट प्रस्तुत कर मोदी ने न केवल लोक कल्याण की मजबूत नींव रखी है अपितु नए भारत की आशा को साकार करने का अटल इरादा व्यक्त किया है। मोदी का यह कार्यकाल सबका साथ-सबका विकास मूलमंत्र की जीवंत मिसाल है।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से नमो एप के माध्यम से अधिकाधिक संख्या में आजीवन सहयोग निधि में उत्साहपूर्वक योगदान देने की अपील की। इसी प्रकार आगामी 15 फरवरी को प्रस्तावित भाजपा अध्यक्ष शाह के कार्यक्रम को सफल बनाने की दृष्टि से जरूरी तैयारियों पर जोर दिया।
डॉ. सिंह ने लोकसभा चुनाव संकल्प पत्र के लिए आहूत रथयात्रा को भी सार्थक बनाने पर बल दिया। इन रथों में सुझाव पेटी में सभी के सुझाव संकलित किए जाएंगे जो चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
प्रदेश संगठन महामंत्री साय ने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पार्टी के घोषित कार्यक्रमों की रूपरेखा विस्तार से बताई। उन्होंने इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया और बाद में जिला अध्यक्षों की बैठक लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक बैठक की योजना तय की।
यह भी देखें :
भाजपाई आचरण सुधारें, पत्रकारों-कार्यकर्ताओं का अपमान बंद करें : कांग्रेस
Add Comment