कोण्डागांव। एक शिक्षित स्वस्थ बालिका हर घर का गौरव होती है। बालक सिर्फ घर के चिराग होते हंै परन्तु बालिकाएं दो-दो घरों को रोशन करती हैं। इस दृष्टिकोण से देखा जाए तो घर-परिवार एवं समाज को सभ्य, सुसंस्कृति बनाने में महिलाओं का योगदान पुरुषों के मुकाबले अधिक है।
हमारी आबादी का आधा हिस्सा महिलाओं का है। उन्हें सशक्त किए बिना किसी भी समाज की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती। क्षेत्र के विधायक मोहन मरकाम द्वारा महिला बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय बालिका दिवस के कार्यक्रम में उक्त विचार प्रगट किए।
विधायक ने कहा कि यह सुखद स्थिति है कि कोण्डागांव जिले में लिंगानुपात राज्य के अन्य जिलों के मुकाबले सर्वाधिक है। इस नजरिए में समझने योग्य बात यह है कि जनजाति समुदाय में महिलाओं को सदियों से उच्च दर्जा दिया गया है।
समुदाय में बेटियों का होना गौरव का विषय माना जाता है और बालिकाओं ने जीवन के हर क्षेत्र में इस तथ्य को साबित भी किया है। फिर चाहे वह प्रशासनिक, चिकित्सा, सुरक्षा, खेलकूद जैसे क्षेत्र हो, हर क्षेत्र में महिलाओं ने सफलता के शिखर को छुआ है।
जिले में कुपोषण के विषय पर उन्होंने कहा यह अच्छा संकेत है कि कोण्डागांव में कुपोषण की दर घटी है, पहले यह 41 से 42 प्रतिशत था और वर्तमान में यह 30 से 32 है। इस सराहनीय कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिने बधाई के पात्र हैं। जिनके अथक प्रयासों से जिले में कुपोषण के कलंक को मिटाने में मदद मिली।
इस प्रकार जिला प्रशासन द्वारा भी निरंतर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हंै जिसका सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। विधायक ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे शासन की समस्त कल्याणकारी योजनाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाएं क्योंकि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होना वर्तमान युग की नई चुनौती है।
अपने उद्बोधन के समापन में उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में सफल महिलाओं से संबंधित प्रश्न भी पूछे और बालिकाओं को सही उत्तर देने पर पुरस्कृत भी किया। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता यह रही कि उक्त सुपोषण केन्द्र में अपने बच्चों को उपचार हेतु लाई माताओं द्वारा लोक नृत्य प्रस्तुत करके सुपोषण के महत्व को बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर जिले में विभिन्न प्रकार के खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत करने के साथ-साथ जिले में पदस्थ महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अध्यक्ष जिला पंचायत देवचंद मातलाम, सदस्य जिला पंचायत परनिया पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश, नोडल सुपोषण केन्द्र इमरान खान, सीएमएचओ डॉ. एसके कनवर, डॉ. एसपी वारे सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।
यह भी देखें : गणतंत्र दिवस की तैयारियां पूर्ण…कलेक्टर ने लिया जायजा…विधायक मोहन मरकाम करेंगे ध्वजारोहण…
Bahut hi Sundar 👌 saçh me betiyan Ghar ki aan maan aur shaan hai