कोरबा। कोरबा जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। अविश्वास प्रस्ताव को पारित कराने कांग्रेस समर्थित सदस्य लामबंद हो गए हैं।
जिला पंचायत में कुल 12 सदस्य हैं और इनमें भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टी समर्थित छह-छह सदस्य हैं। चुनाव के वक्त सात सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष देवीसिंह टेकाम के पक्ष में समर्थन किया था। अब उन्हें हटाने लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को पारित कराने के लिए नौ सदस्य की जरूरत होगी, यानी कांग्रेस को तीन सदस्य जुटाने होंगे।
जिला पंचायत कोरबा में कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने भाजपा समर्थित अध्यक्ष देवीसिंह टेकाम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का पत्र पंचायत संचालक को सौंपा गया था। इस पर पंचायत संचालक ने पत्र स्वीकार करते हुए 23 जनवरी को बैठक आयोजित करने का आदेश दिया है। इस दौरान अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा भी की जाएगी।
कलेक्टर मो. कैसर अब्दुल हक ने चर्चा के लिए अतिरिक्त कलेक्टर प्रियंका महोबिया को पीठासीन अधिकारी बनाया है। सभी सदस्यों को बैठक की सूचना दी जा चुकी है। बताया जा रहा है कि प्रस्ताव पारित कराने जोड़तोड़ का खेल शुरू हो गया है। कांग्रेस समर्थित सदस्यों की ओर से भाजपा समर्थित सदस्यों को तोडऩे का प्रयास लगातार चल रहा है।
जानकारों का कहना है कि अब तक तीन सदस्यों ने इस अध्यक्ष के खिलाफ कांग्रेस समर्थित सदस्यों को सहयोग देने का आश्वासन दिया है। यदि तीनों सदस्य विपक्षी खेमे से मिल जाते हैं, तो अध्यक्ष का हटना तय हो जाएगा। सदस्यों का आरोप है कि अध्यक्ष की ओर से लगातार उपेक्षा की जा रही है। निर्धारित समय पर बैठक नहीं बुलाई जाती है।
यह भी देखें : भाजपा लोकसभा चुनाव कार्यकर्ताओं के पैसे से लड़ेगी…चंदा लेने राष्ट्रीय स्तर पर 11 फरवरी से अभियान…
Add Comment