रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि मातृशक्ति के संकल्प से हम एक बार फिर से मजबूती के साथ आगामी लोकसभा चुनाव में विजयश्री को हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि विजय-पराजय जीवन का हिस्सा हैं इससे हमें किंचित भी विचलित नहीं होना चाहिए जो व्यक्ति पराक्रम के साथ मैदान में जुटा होता है वो फिर से विजय हासिल करता हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के माध्यम से हम आगामी चुनाव में विशाल बहुमत के साथ विजय हासिल करके केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार बनाएंगे।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन की शक्ति से सत्ता के करीब पहुंचकर हमेशा अंत्योदय की स्थापना के लिए सबने काम किया है एक बार फिर से मजबूत संगठन के साथ हमें आने वाले हर चुनाव में पार्टी को विजय दिलाना है।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि पूरे प्रदेश में महिला मोर्चा का संगठन मजबूत है। हमारी बहने लगातार एक संकल्प के साथ काम कर रही हैं निश्चित ही आने वाले चुनाव में हमें बड़ी जीत मिलेगी। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव विभा राव ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है साथ ही प्रदेश में डॉ. रमन सिंह की नेतृत्व वाली सरकार ने महिला शक्ति को मजबूत करने बेहतर कार्य किया है।
कार्यक्रम से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक का नेता प्रतिपक्ष बनने पर स्वागत किया गया। महिला मोर्चा ने पूरे प्रदेश में 25 दिसंबर से 8 मार्च तक महिला संवाद प्रचार अभियान की शुरूआत की है। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया गया। 1 से 10 जनवरी तक शक्तिकेन्द्रों में महिला संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
10 जनवरी से 05 फरवरी तक कमल शक्ति अभियान 12 से 02 मार्च तक कमल शक्ति अभियान चलाया जाएगा। 05 फरवरी से 09 फरवरी तक प्रेस कान्फ्रेंस, 11, 26 फरवरी व 2 मार्च को समर्पण दिवस, कमल ज्योति संकल्प व कमल संदेश मोटर सायकल अभियान का आयोजन किया जाएगा। 24 व 27 फरवरी को हर बूथ में मन की बात कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ता हिस्सा लेंगी।
यह भी देखें : 2 लाख के पैकेज में नहीं मिल रहा कोंडागांव के लिए एनेस्थेटिक डॉक्टर…ऑपरेशन से प्रसव करवाने के लिए मरीजों को किया जा रहा रिफर
Add Comment