कांकेर। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में बीती रात नक्सलियों ने एक ग्रामीण सुरेश उसेंडी की गला रेतकर हत्या कर दी। नक्सलियों ने शव के समीप एक परचा भी छोड़ा है, जिसमें सुरेश पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धुमसीगुड़ा गांव में बीती मध्य रात लगभग 20 की संख्या में वर्दीधारी हथियारबंद नक्सलियों ने धावा बोल दिया। नक्सलियों ने गांव के निवासी सुरेश उसेंडी को सोते से जगाया और बंदूक दिखाकर अगवा कर जंगल की ओर ले गए। आज सुबह उसका शव गांव के मुख्य मार्ग पर पड़ा मिला।
सुरेश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। लाश के प्रथम दृष्टया अवलोकन से यह प्रमाणित होता है कि हत्या से पूर्व उसके साथ अमानवीय ढंग से मारपीट की गई है। नक्सलियों ने शव के समीप एक परचा भी फेंका है, जिसमें सुरेश पर उनकी गतिवधियों की सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने परचा जब्त कर लिया है। कांकेर एसपी केएल धु्रव ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके की ओर रवाना कर दी गई है।
यह भी देखें : VIDEO: बेडरूम में दिखा ये नजारा…तो कपल के उड़ गए होश…
Add Comment