मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने तक नंगे पैर रहने और जूते नहीं पहनने का संकल्प लेने वाले कांग्रेस के 40 वर्षीय एक कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में अपने पैरों में 15 साल बाद जूते पहने।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता दुर्गा लाल किरार से मिलकर उन्हें जूते पहनाए, उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक जूता नहीं पहनेंगे। ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते हैं। ट्विटर पर मुख्यमंत्री ने फोटो भी शेयर की है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि राजगढ़ से लगभग 20 किलोमीटर दूर लिम्मबोदा गांव के रहने वाले दुर्गालाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्वियज सिंह के समर्थक हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गालाल ने 15 साल पहले प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 2003 से अब तक पैरों में जूते नहीं पहने और नंगे पैर रहने का संकल्प लिया था।
अब 15 साल बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद दुर्गालाल का संकल्प पूरा हुआ और उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर उनकी मौजूदगी में नए जूते पहने।
यह भी देखें : पति-पत्नी की तरह रह रहीं थी दो लड़कियां…परिवार वालों से कहा-हमेशा साथ रहना चाहते हैं और उठा लिया ये कदम…
Add Comment