छत्तीसगढ़स्लाइडर

प्रदेश में सर्द हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड…घना कोहरा छाया रहा…कमजोर पड़ने लगा फेथाई तूफान…

रायपुर। प्रदेश में मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बारिश थमते ही बुधवार को सुबह से प्रदेश भर में सर्द हवाओं के साथ घना कोहरा छा गया। वहीं ठंड भी काफी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के चलते बने फेथाई चक्रवात के असर से ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ में जमकर बारिश हुई है। छग में सोमवार को सुबह से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी कहीं-कहीं रूक-रूककर होते रही। जिसके कारण प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

तापमान में आये भारी गिरावट के कारण मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आगामी दिनों में प्रदेश में सर्द हवाओं के साथ घना कोहरे की स्थिति बनेगी। तूफान के आगे बढऩे के बाद आज मौसम खुलेगा और तापमान में और गिरावट आएगी जिससे ठंड और बढऩे की संभावना है।



मौसम वैज्ञानिक पीएल देवांगन ने बताया कि फेथाई तूफान आगे बढऩे के साथ ही कमजोर पडऩे लगा है जिसके कारण प्रदेश में हो रही बारिश कई जगह थम गई है। हालांकि कुछ जगहों पर अभी भी हल्की बूंदाबांदी हो रही है। पिछले 18 घंटों से हो रही बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है।

रायपुर का तापमान 20 डिग्री से नीचे हो चुका है। संभवत: आज मौसम खुलने के बाद तापमान 15 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है ठंड और बढ़ेगी। देवांगन ने बताया कि जिस हिसाब से वर्तमान में हवा चल रही है उससे मौसम खुलने के बाद कोहरे के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं पर उतरी पूर्वी हवा रूकने से कोहरा छाने की भी संभावना है।

सब्जियों की फसल हुई बर्बाद
बारिश से रबी फसल लगाने वाले किसानों को जहां फायदा हुआ है वहीं सब्जी-भाजी की फसल लेने वाले किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के मुताबिक बारिश से टमाटर, बैगन, भिंडी और हरी सब्जियों की फसल पूरी तरह प्रभावित हो गई है। क्षेत्र में पिछले सप्ताह भर छाई बदली के चलते सब्जियों में कीटों का प्रकोप शुुरू हो गया था। रविवार से हो रही बारिश के कारण किसानों की फसल खराब हो गई है।



गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग, अलाव की व्यवस्था नहीं

File Photo

ठंड बढऩे के बाद गर्म कपड़ों की मांग बढऩे लगी है। इन दिनों शहर के कपड़े और ऊनी कपड़ों की दुकानों में ग्राहक गर्म कपड़े खरीदने पहुंच रहे हैं। गर्म कपड़ों का व्यवसाय करने वालों को बाजार में बढ़ी खरीददारी से काफी राहत मिल रही है। इधर, ठंड बढऩे के बाद भी पालिका द्वारा शहर में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है जिससेलोगों को स्वयं अलाव की व्यवस्था करनी पड़ रही है।

यह भी देखें : IPL नीलामी 2019 : उनादकत फिर से नंबर 1…युवराज सिंह को मुंबई इंडियंस ने खरीदा…देखिए TOP 10 खिलाड़ियों की लिस्ट… 

Back to top button
close