स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया। टीम इंडिया ने स्कोरबोर्ड पर तीन विकेट के नुकसान पर 172 रन टांग दिए। भारतीय कप्तान विराट कोहली (82) और उप कप्तान अजिंक्य रहाणे (51) नाबाद अर्धशतक जड़कर क्रीज पर डटे हुए हैं।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाए। दो दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम 144 रन से पीछे है और उसके हाथ में सात विकेट अभी सुरक्षित हैं। इसके पहले भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। महज 8 रन के स्कोर पर भारतीय टीम ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज खो दिए थे।
मुरली विजय के रूप में भारतीय टीम को पहला झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने मुरली विजय को बोल्ड कर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसी के साथ लंच ब्रेक भी हुआ।
इस सत्र के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर जोश हेजलवुड ने एक बेहतरीन यॉर्कर पर केएल राहुल को क्लीन बोल्ड किया। राहुल ने पैर बचाते हुए गेंद को ड्राइव करने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह चूक गए और दो रन बनाने के बाद चलते बने।
यहां से भारतीय टीम को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। विराट कोहली ने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर न सिर्फ टीम को संभाला बल्कि रनगति भी कम नहीं होने दी। दोनों के बीच 74 रन की साझेदारी हो चुकी थी।
तभी ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने अपना जादू चलाते हुए पुजारा को चलता किया। टी-ब्रेक के बाद स्टार्क ने पुजारा को विकेटकीपर टिम पेन से लपकवा दिया। पुजारा 24 रन ही बना सके। इस तरह टीम इंडिया ने तीसरा विकेट 82 रन पर गंवाया।
इसके पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में 326 रन पर सिमट गई। लंच से पहले-पहले भारतीय गेंदबाजों ने अपनी लय पकड़ते हुए मेजबान टीम को इस स्कोर पर रोका। भारतीय टीम की ओर से इशांत शर्मा ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। बुमराह, उमेश यादव और हनुमा विहारी के खाते में 2-2 विकेट आए।
यह भी देखें : धूमधाम से हुआ बारात का स्वागत…जयमाला के तुरंत बाद स्टेज से उतरकर कमरे में चली गई दुल्हन…और कर लिया ये फैसला
Add Comment