नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान करेंगे। तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को पटखनी देने के बाद अब कांग्रेस सरकार बनाने की कोशिशों में जुट गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बहुमत तो मिल गया, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर पेच फंस गया। राजस्थान में अशोक गहलोत, सचिन पायलट, मध्य प्रदेश में कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव के बीच मुकाबला चल रहा है।
राजस्थान से निर्दलीय विधायक लगातार अशोक गहलोत के पक्ष में बयान दे रहे हैं। विधायकों का कहना है कि राजस्थान की जनता और उनकी मांग है कि अशोक गहलोत को ही मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाए।
नहीं सचिन पायलट के समर्थक दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर नारेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले जयपुर में भी सचिन पायलट और अशोक गहलोत के समर्थकों ने नारेबाजी की थी। सचिन पायलट राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हैं, उनकी अगुवाई में ही पार्टी ने जीत दर्ज की है। समर्थक लगातार सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं।
राहुल गांधी के घर पहुंचीं प्रियंका
संसद भवन से राहुल गांधी एक बार फिर अपने घर पहुंच गए हैं। अब एक बार फिर मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर मंथन तेज हो गया है। सूत्रों की मानें तो अब राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी राहुल के घर पहुंच गई हैं। जल्द ही सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा।
दिग्विजय के बेटे संग 30 विधायक एक तरफ जहां मध्य प्रदेश में सीएम के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है तो वहीं सूत्रों की मानें तो मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह ने बुधवार को करीब 30 विधायकों के साथ अलग से बैठक की। आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह चुनाव के दौरान शांत रहे थे, उन्होंने कोई बयान नहीं दिया था। हालांकि, दिग्विजय राज्य की राजनीति पर बारीकी से नजर बनाए हुए थे।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह ही छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री के नाम का फैसला करने की जिम्मेदारी राहुल गांधी पर छोड़ी गई है. छत्तीसगढ़ के लिए मल्लिकार्जुन खडग़े को पर्यवेक्षक के तौर पर भेजा गया था।
मध्य प्रदेश के पर्यवेक्षक एके एंटेनी, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और ज्योतिरादित्य बुधवार रात को ही दिल्ली पहुंच गए थे। सभी आज राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। सूत्रों की मानें, मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए अगर कमलनाथ का नाम तय होता है तो वह शुक्रवार को ही शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि अधिकतर विधायकों ने कमलनाथ के नाम का ही समर्थन किया है।
राजस्थान में कांग्रेस डिप्टी सीएम के फॉर्मूले पर काम कर रही है। आज अशोक गहलोत और सचिन पायलट राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे. दोनों राहुल के साथ नाश्ते पर इस मुद्दे को लेकर बैठक करेंगे। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की रेस में कमलनाथ आगे चल रहे हैं, हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम भी रेस में है।
यह भी देखें : मुख्यमंत्री की दौड़ में भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव सबसे आगे…एक तेज तर्रार तो दूसरे शांत छवि के…
Add Comment