छत्तीसगढ़स्लाइडर

छत्तीसगढ़ में असानी का असर… चक्रवात के कारण सामान्य से पांच डिग्री कम रहा शहर का अधिकतम तापमान… इस मई पहली बार 37.6…

चक्रवात असानी के असर से गर्मी के तेवर ढीले पड़ गए हैं। शहर का अधिकतम तापमान 24 घंटे में 2.8 डिग्री लुढ़क गया। मंगलवार को दोपहर में 37.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। इस मई पहली बार शहर का अधिकतम तापमान इतना पहुंचा। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया था।

पिछले साल की मई की तुलना में अब तक इस मई अधिकतम तापमान ज्यादा रिकॉर्ड हो रहा था। गर्मी भी अधिक पड़ रही थी। मसलन पिछले साल मई के पहले सप्ताह में बिलासपुर का अधिकतम तापमान केवल एक बार 40 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया था। सात दिनों में केवल एक बार पारा 39 डिग्री दर्ज हुआ था। पिछले साल अधिकतम तापमान 36 डिग्री भी दर्ज हुआ था।

इस बार बंगाल की खाड़ी के ऊपर सिस्टम होने के बावजूद शहर का अधिकतम तापमान ज्यादा दर्ज हो रहा था और अधिक गर्मी महसूस हो रही थी लेकिन अब चक्रवात के असर से आ रही नमी के कारण तापमान लुढ़कने लगा है। तभी तो 1 मई को तापमान 43 डिग्री था। 3 मई को यह बढ़कर 43.6 डिग्री पहुंच गया लेकिन फिर यह घटते हुए 37.6 डिग्री तक आ गया है। मंगलवार को सुबह कम गर्मी थी।

आज बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि चक्रवात असानी पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। 11 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

Back to top button
close