रायगढ़। जिले के अंतिम छोर पर बसे धरमजयगढ़ विकास खंड के ठाकुरपोड़ी पंचायत के हाई स्कूल के विद्यार्थी प्राचार्य के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। छात्र-छात्राएं प्राचार्य पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को स्कूल में ताला जड़ दिया और स्कूल के बाहर बैठ गए। प्राचार्य को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। स्कूल के अन्य स्टॉफ पहुंचे तो उन्हें भी अंदर जाने नहीं दिया।
ठाकुरपोड़ी हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य बीएस पैकरा के लिए अलग से बाथरूम है, लेकिन वह छात्राओं के बाथरूम का उपयोग करता है। छात्राएं बाथरूम के अंदर रहती हैं तो प्राचार्य बाथरूम के बाहर खड़े रहते हैं और ताकझांक करते हैं। कभी बाथरूम के अंदर भी आ जाते हैं।
विद्याथियों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्राचार्य द्वारा एडमिशन फीस भी अधिक वसूला गया है। निर्धारित शुल्क 520 रुपए है, लेकिन प्राचार्य के द्वारा प्रत्येक विद्यार्थियों से 700 रुपए लिया गया है और रसीद भी नहीं दी है।
इससे परेशान छात्र-छात्राएं शुक्रवार को 10 बजे स्कूल पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरना-प्रदर्शन में बैठ गए। विद्यार्थी हाथों में तख्ती लेकर प्राचार्य हटाओ के नारे भी लगाए। स्कूल के अन्य शिक्षक पहुंचे तो उन्हें भी अंदर जाने नहीं दिया। पूरे स्कूल समय तक विद्यार्थी प्रदर्शन करते रहे।
बताया गया कि प्राचार्य के खिलाफ पहले भी शिकायत की जा चुकी है। कलेक्टर और मुख्यमंत्री के पास शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्राचार्य के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले ग्राम पंचायत द्वारा भी स्कूल में तालाबंदी करते हुए प्राचार्य को हटाने की मांग की गई थी। प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
विद्यार्थियों ने बताया कि कुछ समय पहले प्राचार्य ने स्कूल में लगे महापुरुषों की पोस्टर को बच्चों से फड़वा दिया था। स्कूल में महात्मा गांधी, भीमराव अंबेडर, राधाकृष्णन, सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेका नंद, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह व अन्य महापुरुषों के पोस्टर लगे थे।
यह भी देखे : गुण्डरदेही विधानसभा में 500 पेटी शराब पकड़ाया…
Add Comment