दल्लीराजहरा। दीपावाली त्यौहार के बाद तापमान के गिरने से अंचल में ठंड बढ़ गई है। ग्रामीण अंचलों में शहर से अधिक ठंड पड़ने से लोगों को रात में अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। दिवाली के बाद अचानक ठंड बढ़ने से रात 8 बजे के बाद से बाजारों में भी सन्नाटा पसरने लगता है। लोग जल्दी ही अपने घर की ओर लौट जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण अंचलों में शाम 7 बजे से ही गांव की गली चौक सन्नाटा नजर आने लगा है।
ठंड ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। सुबह और देर शाम तक लोग गरम कपड़े के अलावा अलाव का सहारा ले रहे हैं। एक ओर जहां दिन में मौसम साफ रहने से तेज धूप निकल रही है, वहीं सुबह और शाम के समय ठंड काफी बढ़ गई है।
इसके कारण लोग नगर सहित आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं। कोकान, पटेली, पचेड़ा, चिखली, घोटिया, बेलोदा, मंगलतराई, वन क्षेत्र हाने के कारण ठंड काफी ज्यादा पड़ रही है।
जिसके कारण लोग सुबह अपने काम में देरी से जाने लगे हैं और शाम को जल्दी घर लौटने लगे हैं, वहीं नगर में दुकानें जल्दी बंद होने लगी हैं। कड़ाके की ठंड की वजह से लोगों को मार्निगं वाक में कम देखा जा रहा है। ठंड ज्यादा पड़ने के कारण ऊनी कपड़ों एवं रजाई की मांग काफी बढ़ गई है एवं अलाव का सहारा लोग लेने लगे हैं।
Add Comment