
जगदलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जगदलपुर विधानसभा के अलवार में सोमवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की तरह नारा लगाने वाली पार्टी नहीं है, काम करने वाली पार्टी है। कांग्रेस स्टील प्लांट का नारा लगाते रहे लेकिन भाजपा ने नगरनार में स्टील प्लांट तैयार करके दिखा दिया है। अगले माह प्रधानमंत्री द्वारा उसका उद्घाटन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी संतोष बाफना के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए वादा करने को कहा कि इस बार संतोष की हैट्रिक होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस 65 साल में क्या किया। दूसरी ओर हमारे 15 साल के काम को देख लें, आपको समझ आ जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। उन्होंने नया राज्य की सौगाद देकर विकास का दरवाजा खोल दिया। बस्तर के आदिवासी भाई पहले कंद, मूल, कोदो-कुटकी खाकर जीवनयापन करने के लिए मजबूर थे। कई-कई रात भूखे सोते थे।
कांग्रेस के शासन में माताओं की दशा ऐसी थी कि वे कई-कई रात सोती नहीं थी, क्योकि मां तब तक नहीं सोती जब तक उसके बच्चों का पेट भर ना जाए। भाजपा की सरकार आने के बाद कोई भी यहां भूखा नहीं सोता। हमने एक रूपये किलो में चावल से लेकर नमक आदि की व्यवस्था की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक राज करने वाली कांग्रेस की सरकार ने कभी गरीबों की चिन्ता नहीं की। कभी चावल-नमक की योजना नहीं बनाई। आवास, बीमा के लिए कुछ नहीं किया। तो ऐसे कांग्रेस को वोट क्यो देना। प्रदेश की भाजपा सरकार ने गरीबों से लेकर सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनाई है।
रमन सिंह ने कहा कि पहले बस्तर के वनवासी का बेटा ज्यादा से ज्यादा गुरूजी बनने तक ही सोच पाता था। लेकिन आज यहां के बच्चे मेडिकल में जा रहा है, इंजीनियर बन रहा है। कलेक्टर-एसपी बनने की सोच रहा है। ये सब भाजपा सरकार की देन है। भाजपा ने यहां कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय तक की सुविधा दी है।
यह भी देखें : यातायात नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, देना पड़ेगा ज्यादा जुर्माना… MotorVehicle का नया एक्ट लागू , देखें सूची