भिलाई/राजनांदगांव। मां बमलेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे भिलाई निवासी 10 लोगों की मौत से आज एक बार फिर भिलाई दहल गया। हादसे ऐसे वक्त में हुआ, जब भिलाईवासी 9 अक्टूबर को बीएसपी में हुए भीषण हादसे को भुला नहीं पाए थे। आपको बता दें कि 9 अक्टूबर को भिलाई इस्पात संयंत्र में कोक ओवन में गैस रिसाव के चलते 13 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं कई लोग घायल हुए थे।
राजनांदगांव जिले के सोमनी में रविवार सुबह हुए एक भीषण सडक़ हादसे में भिलाई निवासी एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई है। इस भीषण सडक़ हादसे में वाहन चालक की भी मौत हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवरात्रि पर्व के अवसर पर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ से मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर वापस लौट रहे भिलाई कैम्प वन के रहने वाले एक ही परिवार के नौ लोग सूमो वाहन में सवार थे।
ड्राइवर मिलाकर मृतकों की संख्या दस बताई जा रही है। सोमनी के पास हुए इस दर्दनाक सडक़ हादसे का कारण सूमो वाहन और ट्रक के आमने-सामने की भिड़ंत को बताया जा रहा है। उक्त घटना सुबह सात बजे की है।
भिलाई कैम्प वन का परिवार दो वाहन में सवार होकर डोंगरगढ़ दर्शन के लिए गया था। दर्शन कर लौटते समय सूमो वाहन क्रमांक सीजी 07 बीएम 5880 की सामने से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलडी 9025 से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि सूमो के परखच्चे उड़ गए। सूमो में सवार नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक ही परिवार के थे।
परिजनों ने मचाया हंगामा
दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पीछे ही दूसरी गाडी़ में उनके परिजन आ रहे थे, जिन्होंने मौके पर खूब हंगामा मचाया। घटना के बाद मौके पर सीएसपी प्रशांत शुक्ला और सोमनी टीआई मोनिका पांडे समेत पुलिस की टीम पहुंच गई थी।
जिन्होंने व्यवस्था संभाला। इस दौरान करीब घंटे भर हाइवे में जाम लगा रहा। इस हादसे में सात लोगों की घायल होने की खबर है जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। जिला कलेक्टर भीम सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घायलों की चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
राजनांदगांव जिले के सोमनी के पास हुए भीषण सडक़ हादसे में दस लोगों की मौत हो जाने पर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों की जल्द स्वस्थ हो जाने की कामना की है।
आज डोंगरगढ़ से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के सड़क दुर्घटना में मृत्यु के समाचार से मुझे गहरा दु:ख पहुँचा है, मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवार के साथ है। मैं ईश्वर से दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
— Dr Raman Singh (@drramansingh) October 14, 2018
मृतकों के नाम
हादसे में मरने वालों में 4 महिलाएं और 5 पुरुष हैं। मृतकों में वेंकट लक्ष्मी उम्र 35 वर्ष , मगैया उम्र 45 वर्ष, सावित्री बाई, आदित्य नारायण, विजय कुमार, पी. मनीषा, मंजू नागमणी और वाहन चालक आशीफ शामिल हैं। मृतकों के शव को राजनांदगांव मेडिकल कालेज अस्पताल की मर्चूरी में लाया गया है। वहीं घायलों का उपचार भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
यह भी देखें : बड़ी खबर: डोंगरगढ़ से दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के 10 लोगों की सड़क हादसे में मौत
Add Comment