क्राइमट्रेंडिंगदेश -विदेशस्लाइडर

गुजरात में उत्तर भारतीयों पर कहर जारी, घर लौट रहे युवक की हत्या

अहमदाबाद। गुजरात के सूरत में शुक्रवार को एक उत्तर भारतीय युवक की हत्या कर दी गई। युवक बिहार के गया का रहने वाला था। इस घटना से इलाके में रह रहे उत्तर भारतीयों में दहशत का माहौल है। अमरजीत नाम का युवक सूरत के पंडेश्वरा इलाके में एक कंपनी में काम करता था।

शुक्रवार की रात वो अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था उसी दौरान बीच रास्ते में उसे कुछ लोगों ने घेर लिया और लोहे के रॉड से उसपर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अमरजीत सूरत में करीब 15 सालों से रह रहा था। उसने वहां अपना घर भी बना लिया था। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था।



अमरजीत के पिता एक सेवानिवृत सैनिक हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि गुजरात में बिहारियों के खिलाफ बने गलत माहौल के कारण उनके बेटे की हत्या हुई है। उन्होंने बिहार, गुजरात और केंद्र सरकार से मांग की है कि इस हिंसा को रोकने के लिए जल्द ही जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि आगे से ऐसी घटना न हो। सूरत पुलिस का कहना है कि यह भीड़ हिंसा की घटना नहीं है, बल्कि युवक की मौत एक सड़क हादसे में हुई है।

गुजरात में हाल ही में एक 14 महीने की बच्ची से रेप के मामले में बिहार के एक युवक को पकड़ा गया था। इस घटना के बाद गुजरात के लोगों में बढ़े गुस्से ने हिंसा का रूप ले लिया है, जिसकी वजह से उत्तर भारतीयों पर हमले हो रहे हैं। इस कारण बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोग गुजरात छोड़ अपने-अपने राज्य वापस लौट रहे हैं। अब तक करीब 50 हजार गैर-गुजराती लोग गुजरात छोड़ चुके हैं।

यह भी देखें : नग्न चीनी नागरिक UP मे दौड़ा रहे थे SUV, फिर हुआ कुछ ऐसा…

Back to top button
close