देश -विदेशस्लाइडर

आंख दिखाता रह गया अमेरीका, भारत ने रूस से कर लिया मिसाइल सौदा

नई दिल्ली। अमेरीका की तरफ से दी जा रही प्रतिबंधों की धमकियों के बीच भारत ने शुक्रवार को रूस के साथ एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की डील पर साइन कर लिए हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में साझा प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में साथ मिलकर काम करने का ऐलान किया।

एस-400 डील के तहत भारत रूस से मिसाइल डिफेंस सिस्टम के 5 सेट खरीदेगा। रूसी राष्ट्रति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय वार्ता के बाद नई दिल्ली में इस डील पर हस्ताक्षर किए गए। भारत और रूस के बीच कुल 8 समझौते हुए हैं। दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को ही हैदराबाद हाउस में डेलिगेशन लेवल की बातचीत हुई।

साझा प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रूस के साथ अपने संबंधों को भारत सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, तेजी से बदलती दुनिया में हमारे संबंध काफी अहम हैं। वैश्विक मामलों पर हमारे सहयोग को नए मकसद मिले हैं। दोनों देशों के बीच नेचुरल रिसोर्स, एचआरडी सौर ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, सागर से लेकर अंतरिक्ष तक आज कई अहम समझौते हुए हैं।



उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा में रूस हमेशा साथ रहा है, हमारा अगला लक्ष्य भारत के मिशन गगनयान को अंतरिक्ष में भेजना है इसमें रूस हमारी पूरी सहायता करेगा। पीएम ने कहा कि भारत और रूस तेजी से बदलते हुए विश्व में कई अहम रोल निभा सकते हैं।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साझा प्रेसवार्ता में कहा कि आज दोनों देशों के बीच आपसी और वैश्विक हितों को ध्यान में रखते हुए बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि दोनों ही देश सुरक्षा-रक्षा-व्यापार के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। पुतिन ने ऐलान किया कि दोनों देशों ने लक्ष्य रखा है कि 2025 तक दोनों देशों के बीच में 30 बिलियन डॉलर तक व्यापारिक संबंध होंगे।

राष्ट्रपति पुतिन ने ब्लाडिवोस्टक फोरम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि गैस उत्पादन में भारत को उचित कीमत पर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रूस प्रतिबद्ध है। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भारत में रूस की कंपनियां काम करने को तैयार हैं।

यह भी देखें : VIDEO: चरोदा में महिला सम्मेलन की तैयारियां पूरी, अमित शाह यहां से फूंकेंगे चुनावी बिगुल… महिला कार्यकर्ताओं को देंगे चुनावी टिप्स… 

Back to top button
close