रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में आज कांग्रेस के जेल भरो आंदोलन के पूर्व ही पुलिस ने कांग्रेसजनों की धरपकड़ शुरू कर दी है। कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों को जहां उनके निवास में ही नजरबंद किया जा रहा है तो वहीं मैदानी स्तर में सक्रिय नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है, इसकी सूचना मिलते ही कांग्रेसजनों का आक्रोश और ज्यादा बढ़ गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद से ही प्रदेश भर में माहौल गरमा गया है। मंत्री राजेश मूणत की कथित अश्लील सीडी मामले में भूपेश बघेल को कल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इधर कल न्यायालय में भी कांग्रेसजनों ने इस कार्यवाही का जोरदार विरोध किया और पुलिस की गाडिय़ों को आगे बढऩे नहीं दिया था। इधर गिरफ्तारी के विरोध में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जेल भरो आंदोलन शुरू कर दिया है।
आंदोलन को असफल बनाने पुलिस प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्यवाही शुरू कर दी है। इधर आज सुबह जानकारी मिली कि भिलाई-दुर्ग में विधायक अरूण वोरा, धर्मेन्द्र यादव, आरएन वर्मा, अरूण सिसोदिया, सीजू एंथोनी, जिला अध्यक्ष तुलसी साहू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
युवा कांग्रेस दुर्ग शहर के अध्यक्ष आकाश मजमूदार को पुलिस ने रायपुर पहुंचने के पूर्व ही हिरासत में ले लिया। इसके अलावा सुशील भारद्वाज, राजकुमार पाली, अनूप वर्मा, विमल यादव, कादिर चौहान, भूपेन्द्र वर्मा, सत्यनारायण सेंगर, नितिश कश्यप जैसे सक्रिय नेताओं को पुलिस ने उनके घर पहुंचकर हिरासत में ले लिया है।
कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल समर्थकों के साथ गिरफ्तार
रायपुर पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद अब कांग्रेसजनों का आक्रोश फूट पड़ा है। राजधानी रायपुर में जेल भरो आंदोलन में शामिल होने निकले बस्तर के कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीसीसी से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल अपने समर्थकों के साथ रायपुर आने के लिए निकले थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
इस बात को लेकर विधायक और कांग्रेसजनों की पुलिस अधिकारियों से जमकर नोंकझोंक हुई, लेकिन पुलिस ने कांग्रेसजनों को आगे बढऩे से रोक लिया और गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वाले कांग्रेसजनों में विधायक लखेश्वर बघेल, बालक राम जोशी, दीपक कर्मा,्र ईश्वरनाथ खम्बारी, फतेह सिंह परिहार, श्रीमती कविता साहू, गणेश राम, अंकित पारख, चंपा ठाकुर एवं सीजन बघेल के साथ ही बस्तर क्षेत्र के कांग्रेसजन बड़ी संख्या में शामिल है।
यह भी देखें : क्या दागी नेताओं के चुनाव लड़ने पर लगेगी पाबंदी, SC आज सुना सकता है फैसला
Add Comment