रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती विभा राव ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और केन्द्र व छत्तीसगढ़ सरकारों ने महिलाओं के सम्मान की रक्षा कर उनके सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक कदम उठाए हैं।
महिला कांग्रेस शौक से मैदान में उतरे लेकिन वह याद रखे कि इससे कांग्रेसी चरित्र और महिला-सुरक्षा के उसके दावों की ही पोल खुलेगी। श्रीमती राव ने महिला कांग्रेस के आरोपों को आगामी चुनावों में अपनी तयशुदा हार को देखकर उपजी हताशा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबसे पहले अपने संगठनात्मक ढांचे में 33 फीसदी स्थान महिलाओं के लिए आरक्षित किया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने जनप्रतिनिधि संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण निश्चित किया, जो देशभर में एक मिसाल है। महिलाओं के हित, स्वाभिमान और गौरव को स्थापित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों का ही यह सुपरिणाम है कि राज्य विधानसभा में पार्टी की महिला विधायकों की संख्या सम्मानजनक है।
कांग्रेस ने ऐसा कोई उदाहरण पेश किया हो तो बताए। केन्द्र में भी भाजपा की महिला सांसदों की संख्या बेहतर है। श्रीमती राव ने कहा कि केन्द्र सरकार ने पहली बार महिलाओं के आत्मसम्मान व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए और बलात्कारियों को सीधे फांसी की सजा का प्रावधान किया।
महिलाओं में गैर-बराबरी के हालात को खत्म कर केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने न केवल मुस्लिम महिलाओं की शिक्षा आदि की मुकम्मल व्यवस्था की, अपितु उन्हें तीन तलाक की अमानवीय यंत्रणा से मुक्त कराने का साहसपूर्ण फैसला लिया है।
छत्तीसगढ़ की डॉ. रमन सिंह की सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए महिला मार्चा राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि महिलाओं की प्रकृतिगत दिक्कतों को महसूस कर राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए प्रसव अवकाश को बढ़ाकर 06 माह किया है जबकि 730 दिनों का चाइल्ड केयर लीव देने का संवेदनशील निर्णय लिया है।
महिलाओं का सम्मान बरकरार रखने और विकास की मुख्यधारा से जोडऩे की दृष्टि से छत्तीसगढ़ सरकार स्काय संचार क्रांति योजना के तहत महिलाओं को मोबाइल देने का काम कर रही है। राशन कार्ड में अब महिलाओं को परिवार का मुखिया बनाया गया और रजिस्ट्री आदि में भी छूट का प्रावधान किया है।
सरकार के प्रयासों का ही सुपरिणाम है कि आज शिशु व मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है, वहीं गर्भवती महिलाओं के सुपोषण व संस्थागत प्रसव के आंकड़े उपलब्धियों की तस्दीक करते हैं। शिक्षा कर्मियों के संविलयन से भी अधिकांश महिला शिक्षाकर्मियों को लाभ मिला है लेकिन आपकी 2003 की कांग्रेस राज्य सरकार ने महिला शिक्षा कर्मियों को लाठी से पीटा था।
35 लाख महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन देकर केन्द्र व राज्य सरकार ने जो राहत दी है, उससे महिलाएं काफी राहत अनुभव कर रही है। आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में इजाफे व मुफ्त बीमा का लाभ भी भाजपा सरकार ने ही दिलाया है।
श्रीमती राव ने महिला कांग्रेस अध्यक्ष की बातों को तथ्यहीन बताते हुए घिसा-पिटा बताया और नसीहत दी कि सरकार की आलोचना करना ही विपक्ष को शोभा नहीं देता। इस तरह की निराधार बातें ही कांग्रेस के पतन का कारण बनी है और अभी कांग्रेस के पतन का दौर अगले चुनावों भी और तेज रफ्तार से नजर आएगा।
Add Comment