
रायपुर। नेताजी सुभाष स्टेडियम में क्रीडा भारती रायपुर महानगर समिति द्वारा खेल सप्ताह पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण करना है। उन्होंने आगे कहा कि निर्माण चरित्र का और चरित्र से निर्माण राष्ट्र का इस बोध वाक्य के साथ खेलों के माध्यम से आरोग्य संपन्न राष्ट्र निर्माण के लिए क्रीड़ा भारती की स्थापना की गई।
उन्होंने आगे बताया कि क्रीडा भारती संस्था का मुख्य उददेश्य स्वदेशी खेलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के परम्परागत खेलों को बढ़ावा देना है, ताकि समाज के सभी वर्ग मैदान पर आकर खेले तथा खेलों के माध्यम से स्वस्थ शरीर, तीक्ष्ण बुद्धि, मानसिक व संस्कार प्राप्त कर खिलाड़ी में राष्ट्रीय चरित्र की भावना का निर्माण हो। उन्होंने बताया कि खेल में बच्चे कल्पना द्वारा अलग-अलग भूमिकाएं निभाते हैं। ऐसा करते हुए उनकी बुद्धि और व्यवहार उसी व्यक्ति के अनुसार होता है जिनकी वह भूमिका कर रहे हैं। इस कारण वे उन व्यक्तियों के विचार और भावनाओं को भी प्रदर्शित करते हैं। खेल उन भावनाओं और संवेगों को व्यक्त करने का मौका देता है जो अन्य स्थितियों में अभिव्यक्त नहीं किए जा सकते। खेल बच्चों के विकास में मदद करके उन्हें भविष्य की भूमिकाओं के लिए तैयार करते हैं।
इस आयोजन में रेलवे की एसपी मिलिना कुर्रे, छ.ग. कराटे अध्यक्ष विजय तिवारी, प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय, महानगर मंत्री हर्षा साहू, सहमंत्री विरेन्द्र देशमुख, प्रशिक्षण प्रमुख राजादुबे, उपाध्यक्ष रोहित द्विवेदी, नुरेन्द्र कुम्हार, निरज शुक्ला, अब्दुल रहीम प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
यह भी देखें : VIDEO: ढोल-नगाड़े, फूलों की माला, खुली जीप में ओपी चौधरी का जोरदार स्वागत