नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मेरठ में गठित पहली हिंदू अदालत की पहली जज नियुक्त डॉ. पूजा शकुन पांडे ने कहा है कि उन्हें गर्व है कि वो और उनका संगठन अखिल भारत हिंदू महासभा नाथू राम गोडसे को पूजता है। खुद को सामाजिक कार्यकर्ता और गणित की प्रोफेसर बताने वाली पूजा शकुन पांडे ने कहा कि मुझे गर्व है कि हम नाथू राम गोडसे को पूजते हैं। वो गांधी के हत्यारे नहीं थे। उन्हें भारतीय संविधान लागू होने से पहले सजा दे दी गई थी। मैं गर्व से कहती हूं कि अगर नाथू राम गोडसे से पहले मैं पैदा होती तो मैं ही गांधी को मार देती। अगर आज भी कोई गांधी पैदा होगा जो देश बांटने की बात करेगा तो नाथू राम गोडसे भी इसी पुण्य भूमि पर पैदा होगा। गौरतलब है कि यूपी के मेरठ में देश की पहली कथित हिंदू अदालत स्थापित करने का दावा अखिल भारत हिंदू महासभा नामक संगठन ने किया है।
संगठन का दावा है कि शरिया अदालतों की तर्ज पर देश में हिंदू अदालतें स्थापित की जाएंगी। संगठन ने अलीगढ़ की डॉ. पूजा शकुन पांडे को इस अदालत का पहला जज भी नॉमिनेट किया है। महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा का कहना है कि हिंदू अदालतों में जमीन विवाद, मकान और विवाह के मामले आपसी सहमति से सुलझाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को उन नियमों को सार्वजनिक किया जाएगा जिनके अनुसार हिंदू अदालत काम करेंगी। हिंदू अदालत बनाने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को नोटिस जारी करते हुए इस मामले पर जानकारी मांगी है। वहीं कोर्ट ने डीएम मेरठ और हिंदू कोर्ट की कथित जज पूजा शुकन पांडे को पक्षकार बनाने का निर्देश देते हुए भी नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 11 सितम्बर को होगी। खुद को देश का पहला राजनीतिक संगठन बताने वाले अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश कौशिक कोर्ट द्वारा मामले का नोटिस लेने से खुश हैं।
Add Comment