कोरबा। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को नकली पुलिस बने युवकों ने लूट का शिकार बना लिया। इन युवकों ने इस महिला से पहने जेवर उतरवा लिये और रफ्फूचक्कर हो गए। पीडि़त महिला ने इसकी जानकारी तत्काल अपने परिजनों को दी। इसके बाद दोनों फर्जी पुलिसवालों की खोजबीन की गई। साथ ही सिटी कोतवाली से भी मामले की शिकायत की गई। कोतवाली पुलिस ने कथित पुलिस जवानों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक स्थानीय हनुमान मंदिर के पास निवासरत महिला पुष्पा देवी जैन रोजाना की तरह आज सुबह करीब 5.30 बजे में मार्निंग वॉक के लिए जेसीआई गार्डन डीडीएम रोड की तरफ गई हुई थी। वह दैनिक व्यायाम के बाद सुबह 7 बजे बजे घर जाने के लिए निकली। पुष्पा देवी ममता हार्डवेयर के पास पहुंची ही थी कि उन्हें बाइक सवार दो युवक नजर आए। उन्होंने आवाज देकर पुष्पा देवी को रुकवाया और फिर पास आकर एक ने साहब द्वारा बुलाने की बात कही। जब वह बाइक के साथ खड़े शख्स के पास पहुंची तो उसने बताया कि वे पुलिस वाले हैं और जांच में निकले हैं। आगे एक मर्डर हो गया है लिहाजा आपने जो गहने पहने हुए है उन्हें निकालकर सुरक्षित रख लीजिये। फिर उन्होंने गले और हाथ में पहने सोने की चैन और चूड़ी को एक कागज़ में लपेटकर पुष्पा देवी को थमा दिया। उन्होंने महिला को जल्दी घर चले जाने की बात कही। पुष्पा देवी इसके बाद सीधे घर आ गयी। घर पर जब उन्होंने कागज को खोला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी। कागज़ में नकली कंगन और चैन थे। ठगे गए जेवरात की कीमत करीब तीन लाख रूपये बतायी जा रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवार ठगों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।
यह भी देखें : The Khabrilal Live : नर्मदा एक्सप्रेस की बोगी के उपर जोरदार ब्लास्ट, बिजली मेकेनिक गंभीर, यात्रियों में मचा हड़कंप…
Add Comment