जानलेवा बारिश, बिजली गिरने के कारण दो मकान गिरे, 8 लोगों की मौत

नई दिल्ली। मकान और बिल्डिंग गिरने के मामले एक के बाद एक सामने आते जा रहे हैं। इस बार उत्तर प्रदेश से दो और मामले सामने आए हैं। पहला मामला है उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का जहां पर बारिश के कारण एक मकान गिर गया। इस हादसे में एक परिवार के सभी 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां-बाप और चार बच्चे शामिल है। वहीं दूसरा मामला है मुजफ्फरनगर जिले का जहां पर बारिश के कारण घर का एक हिस्सा गिर गया जिससे दो लोगों की मौत हो गई।
सहारनपुर: घर के अंदर सो रहा था परिवार
यह मामला है सहारनपुर के थाना गंगोह के सराय मोहल्ले का जहां एक मकान बारिश के कारण गिर पड़ा। यह मकान फैजान नाम के ग्रामीण का था जिसके अंदर एक परिवार के 6 सदस्य सो रहे थे। हादसे के बाद सभी सदस्य मलबे में दब गए। इस हादसे की जानकारी तब मिली जब सुबह ग्रामीण उठकर मौके पर पहुंचे। तुरंत ही हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद वहां पर राहत कार्य शुरू कर दिया गया। मकान के मलबे से टीम द्वारा 6 शव को निकाला गया। सहारनपुर में ये पहला मामला नहीं है जब मकान गिरने से किसी की मौत हुई है। पिछले दो दिनों में इस तरह के हादसे में 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुजफ्फरनगर: दो अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत, 13 घायल
सहारनपुर जैसा ही हादसा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भी सामने आया। यहां मकान का हिस्सा गिरने की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में 13 लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर के कुल्हेदी गांव में घर का एक हिस्सा गिर गया जिसके कारण एक 10 साल की लड़की की मौत हो गई और परिवार के 8 सदस्य घायल हो गए।
यह भी देखें : इस राज्य में हो रही जानलेवा बारिश, 39 की मौत