स्कूल शिक्षा मंत्री ने किया पदक प्राप्त 633 खिलाडिय़ों का सम्मान
रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री केदार कश्यप ने आज यहां 62वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता वर्ष 2016-17 में पदक प्राप्त करने वाले राज्य के 633 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया। रविन्द्र मंच कालीबाड़ी में आयोजित सम्मान समारोह में श्री कश्यप ने कहा कि हमारे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रदेश सरकार भी शिक्षा एवं खेल के बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में लगातार प्रयासरत है। पूर्व में प्रदेश में केवल 7 खेल जोन हुआ करते थे, जो कि वर्तमान में प्रदेश के 27 जिलों को 12 खेल जोन में बांटा गया है, जिसमें लगभग 40 हजार खिलाडिय़ों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त होता है।
श्री कश्यप ने बताया कि प्रति वर्ष राष्ट्रीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, रजक पदक एवं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को क्रमश: 21 हजार, 15 हजार एवं 10 हजार का रेखांकित चेक के साथ एक-एक ब्लेजर भी प्रदान किया जाता है तथा राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को क्रमश: 10, 15 एवं 20 अंक का बोनस भी प्रदाय किया जाता है।
उन्होंने खिलाडिय़ों की यात्रा भत्ता राशि 150 रूपए से बढ़ाकर 180 रूपए करने की घोषणा भी की। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्वर्ण पदक प्राप्त 261, रजत पदक प्राप्त 167 एवं कांस्य प्रदक प्राप्त 205 सहित कुल 633 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक प्राप्त 261 खिलाडिय़ों को 21 हजार के मान से 54 लाख 81 हजार, रजत पदक प्राप्त खिलाडिय़ों को 15 हजार के मान से 25 लाख पांच हजार तथा कांस्य पदक प्राप्त 205 खिलाडिय़ों को 10,000 रूपए के मान से 20 लाख 50 हजार की राशि का डिमांड ड्राफ्ट वितरित किया गया।
Add Comment