राजधानी में पॉलीथिन का इस्तेमाल किया तो जाना होगा जेल, निगम कमिश्नर ने दिए सख्ती के निर्देश

रायपुर। राजधानी में अब पॉलीथिन का इस्तेमाल करने पर जेल भी जाना पड़ सकता है (Raipur Bans Polythene)। नगर निगम इस संबंध में कड़े कदम उठाने जा रही है। छत्तीसगढ़ में पॉलीथिन पर बैन लगया गया था। उसके बाद भी लगातार उसका उपयोग हो रहा है। जिसे लेकर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक निगम प्लास्टिक के कैरी बैग का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों और निर्माताओं के खिलाफ अब जुर्माने के साथ ही आपराधिक मामला भी दर्ज किया जाएगा। निगम प्रशासन अब पॉलीथिन के इस्तेमाल को लेकर और ज्यादा सख्ती बरतने की तैयारी में है।
अब दुकानदारों के अलावा फैक्टरी मालिकों और व्यापारियों के खिलाफ सीधे अपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। निगम कमिश्नर रजत बंसल के मुताबिक पॉलीथिन के दुष्परिणामों को लेकर निगम द्वारा व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर राजधानी में मोर रायपुर के साईनेज को प्लास्टिक से ढंककर लोगों को ये बताने की कोशिश की गयी है कि राजधानी किस तरह पॉलिथिन की चपेट में है। रजत बंसल ने कहा कि अब इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कलेक्टर और पर्यावरण मंत्रालय के निर्देशानुसार सीधे सीजेएम कोर्ट में केस दर्ज किया जाएगा।(# Raipur Bans Polythene)