छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

आसमान से बरसती रही आग और धरती पर होती रही सौगातों की बारिश, CM ने इन जिलों में किया करोड़ों के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर। नवतपे के पांचवें दिन कल भी सूरज आसमान से आग बरसाता रहा, जबकि छत्तीसगढ़ की धरती पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में चल रही विकास यात्रा में आम जनता के लिए सुविधाओं और सौगातों की राहत भरी बारिश होती रही। भीषण गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री की तीनों आमसभाओं और तीनों स्वागत सभाओं में हजारों की संख्या में किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों का हुजूम उमड़ता रहा। लोगों में भरपूर उत्साह और जज्बा देखा गया। मुख्यमंत्री ने जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह, जिला रायगढ़ के छाल और मुख्यालय रायगढ़ की आमसभाओं में जनता को लगभग 647 करोड़ 43 लाख रूपए के 148 कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। वहीं उन्होंने डॉ. रमन सिंह ने आज की तीनों आमसभाओं में दो जिलों-जांजगीर-चांपा और रायगढ़ के दो लाख 72 हजार 722 किसानों को पिछले खरीफ सीजन के धान पर लगभग 370 करोड़ रूपए का बोनस ऑनलाइन वितरित किया।

डॉ. सिंह ने लैपटॉप पर बटन दबाकर इंटरनेट के जरिए यह सम्पूर्ण राशि किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी। डॉ. रमन सिंह ने रोड-शो के बाद जिला मुख्यालय रायगढ़ में रात में आयोजित विशाल आमसभा में कहा-प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत चार वर्ष में देश के विकास को एक नई गति मिली है और पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। डॉ. रमन सिंह ने आज ही विकासखण्ड-मुख्यालय बम्हनीडीह (जिला-जांजगीर-चांपा) और ग्राम छाल (जिला-रायगढ़) में भी विशाल जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने रायगढ़ की आमसभा में कहा-लोकतंत्र में जनता के आशीर्वाद और सहयोग के बिना विकास का कोई भी संकल्प पूरा नहीं हो सकता। राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्रदेश व्यापी विकास यात्रा भी वास्तव में जनता से आशीर्वाद लेने की एक बड़ी तीर्थ यात्रा है। प्रदेश के आखिरी गांव तक विकास का संदेश और योजनाओं का लाभ पहुंचाना इस यात्रा का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री के साथ रायगढ़ की आमसभा में केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, संसदीय सचिव श्रीमती सुनीति राठिया, विधायक सारंगढ़ श्रीमती केराबाई मनहर, औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, अध्यक्ष जिला पंचायत अजेश पुरूषोत्तम अग्रवाल तथा महापौर रायगढ़ नगर निगम मधु बाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

छाल में आयोजित आमसभा में भी केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत सहित कई संस्थाओं के पदाधिकारी और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। दोपहर बम्हनीडीह में आयोजित मुख्यमंत्री की आमसभा में पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्राकर, लोकसभा सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, संसदीय सचिव और पामगढ़ के और पामगढ़ के विधायक अम्बेश जांगड़े, सक्ती के विधायक डॉ. खिलावन साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, राज्य अन्त्यावसायी सहकारी विकास निगम के अध्यक्ष निर्मल सिन्हा सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

यहाँ भी देखे – VIDEO : मुख्यमंत्री ने जांजगीर-चांपा के बम्हनीडीह में क्षेत्रवासियों को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

Back to top button
close