देश -विदेश

तेज आंधी बारिश के साथ गिरी गाज, 8 की मौत

रांची। तेज आंधी और बारिश के बीच गाज गिरने से अलग-अलग स्थानों में 8 लोगों की मौत हो गई। क्षेत्र के रामगढ़ में तीन, रांची के बेड़ो, कोडरमा, चतरा, लोहरदगा व बोकारो में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं, महिला समेत तीन लोग व कई मवेशी गाज की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
रामगढ़ के पतरातू प्रखंड के भदानीनगर ओपी क्षेत्र चैनगड़ा में दोपहर गाज गिरने से बिट्टू तुरी व राहुल तुरी की मौत हो गई। दोनों सगे चचेरे भाई थे और रांची जिले के खलारी डकरा के भूतनगर के रहने वाले थे। वे शनिवार को मंडा पूजा को लेकर चैनगडा तुरी टोला स्थित अपने रिश्तेदार के घर आए थे।

मंडा मेले से लौटने के बाद बिट्टू व राहुल अपने बहनोई सुनील तुरी के घर आए। यहां उन लोगों ने खाना खाया। गर्मी ज्यादा होने के कारण बालेश्वर के घर के समीप ही स्थित नीम के पेड़ के पास दोनों खड़े थे। इसी बीच अचानक गाज की चपेट में दोनों आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं नीम पेड़ के बगल में ही स्थित अपने घर के आंगन में बर्तन धो रही सुरेंद्र उरांव की पत्नी किरण देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी ओर चतरा के गिद्धौर प्रखंड के पहरा गांव में एक ग्रामीण व एक बकरी की मौत हो गई। मृतक की पहचान पहरा गांव के सोनू साव के रूप में हुई। वहीं बिल्ट साव नामक युवक की दो बकरियां घायल हो गई। लोहरदगा में भी वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई और दो अन्य युवक झुलस गए हैं। दोनों युवकों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यहाँ भी देखे – तप रहा पूरा देश, 9 राज्य लू की चपेट में, सबसे गर्म रहा खजुराहो

Back to top button
close