रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास यात्रा के दौरान शुक्रवार को कोरबा जिला के विकासखंड करतला में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। डा. सिंह ने कहा कि 50-60 साल तक देश में राज करने के अलावा कांग्रेस ने गरीबों, किसानों व आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण देने के बहाने यहां का विकास देखने आये हुए है। उन्होंने कहा कि इतने सालों तक राज करके भी जो विकास उनके द्वारा नहीं हो पाया उस विकास को देखने के लिए यहां आये हैं। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 50-60 साल तक राज किया है। मगर गरीबों, किसानों के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। ना ही गरीबों को ईलाज के लिए एक रूपये भी दिया और ना ही किसानों को बोनस दिया। उन्होंने कहा कि आज हम गरीबों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए जहां उनके ईलाज के लिए स्मार्ट कार्ड के जरिए 50 हजार रूपये की राशि उपलब्ध करा रहे है, वहीं किसानों को बोनस भी दे रहे है। डा. सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आज बोनस-बोनस चिल्ला रहे हैं, और जब हम बोनस दे रहे है तो इससे भी उनके पेट में दर्द हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को 1700 करोड़ रूपये का बोनस व सूखा राहत का पैसा मैं खुद गांव-गांव जाकर बांट रहा हूं। आज एक बटन दबाउंगा तो कोरबा के किसानों के खातों में भी बोनस की राशि तुरंत आ जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ बोनस की मांग करते है जब बोनस दे रहे हैं तो उन्हें तकलीफ हो रही है। इसी तकलीफ से कांग्रेसी छत्तीसगढ़ में विकास खोजो यात्रा पर निकले है।
उन्होंने कहा कि सारे प्रश्रों का जवाब यहां की जनता के पास है मैं यहां कोई नई बात बोलने नहीं आया हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को 14 प्रतिशत ब्याज में ऋण मिलता था जो भाजपा के शासनकाल में 0 प्रतिशत पर ऋण दिया जा रहा है। डा. सिंह ने कहा कि मैं विकास यात्रा में यहां की जनता को धन्यवाद देने आया हूं। एक नहीं, दो नहीं, बल्कि तीन बार आपने हमे चुना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुना है। उन्होंने कहा कि कांगे्रस के शासनकाल में गरीबों के घर में लकड़ी व कोयला से खाना बनाने में दिनभर निकल जाता था। लेकिन केन्द्र में भाजपा की सरकार और नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद घर-घर में गैस सिलेण्डर की सुविधा दी जा रही है। जिससे हमारी बहनें अब आसानी से खाना बनाती है। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के छग दौरे को लेकर कहा कि जो टीम हारती है उस टीम के कोच को बदल दिया जाता है, लेकिन कांग्रेस ऐसी टीम है जिसके बार-बार हारने के बाद भी उसके कोच को बदला नहीं जा रहा है। ऐसे में टीम कैसे जीतेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ प्रशिक्षण देने नहीं बल्कि यहां का विकास देखने आये है। 50-60 साल में छत्तीसगढ़ में जो विकास नहीं हो पाया वो विकास को हमारी सरकार ने 14-15 साल में कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान कोरबा जिला वासियों को आज 184 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की कई सौगातें भी दी।
यह भी देखे – राहुल का रोड शो : दोपहर से शाम 7 बजे तक इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
Add Comment