रायपुर। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने दंतेवाड़ा जिले में विकास यात्रा 2018 के शुभारंभ से पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वे विकास यात्रा को तीर्थ यात्रा से कम नहीं मानते। उन्होंने कहा कि चूंकि विकास यात्रा मां दंतेश्वरी के चरण स्थल से शुरूआत की जा रही है इसलिए यह यात्रा तीर्थ यात्रा से कम नहीं है। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि 2003 में अटलबिहारी वाजपेयी के साथ छत्तीसगढ़ में विकास की शुरूआत करने वाले राजनाथ सिंह आज 2018 में यहां विकास यात्रा की शुरूआत करने आये हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के पहले छत्तीसगढ़ की स्थिति की बात जब वे विकास यात्रा के दौरान दोहराते है तो इसलिए कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह स्वयं परिवर्तन यात्रा में यहां आये थे। उस समय यहां की जनता में भय था। लोग घर से बाहर निकलने को तैयार नहीं होते थे। उनमें आक्रोश था। लेकिन राजनाथ सिंह ने यहां की जनता को आगे बढऩे, पीछे नहीं हटना है कि हिम्मत दिलायी। तब जाकर छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार 2003 में बनी। डा. सिंह ने कहा कि छग दौरे के दौरान बीजापुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास को देखकर कहा कि यहां रमन सरकार की टीम अथक परिश्रम कर रही है और इसके लिए उन्होंने हमारी पूरी टीम को बधाई एवं धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास यात्रा का मतलब क्या है। मैं और मेरा मंत्रिमंडल और अधिकारियों की पूरी टीम यहां की जनता को धन्यवाद देने आये हंै। क्योंकि बिना जनता के समर्थन व विश्वास के विकास करना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया की सबसे बड़ी योजना आयुष्मान योजना की शुरूआत प्रधानमंत्री ने बीजापुर में किया क्योंकि प्रधानमंत्री बीजापुर में हुए विकास कार्य से काफी प्रभावित हुए है।
डा. सिंह ने कहा कि विकास यात्रा को मैं तीर्थ यात्रा मानता हूं, क्योंकि इस यात्रा की शुरूआत मां दंतेश्वरी के चरणों से हो रही है। मां का आशीर्वाद के साथ यहां की जनता का आर्शीवाद मिला है जिससे विकास यात्रा तीर्थ विकास यात्रा से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से लाखों लोगों से मिलने का काम होता है, भागीदारी होती है। जिससे एक नई ऊर्जा के साथ काम करते है। यह यात्रा गांव, गरीब व किसान के नजदीक जाने सिखा रही है। यात्रा में सूरज की तेज जीतनी हो, गरमी जितनी बढ़े, नवतपा भी लगेगा मगर छग की जनता का मैं धन्यवाद देना चाहूंगा कि भीषण गर्मी हो, तूफान-आंधी की परवाह नहीं करते हुए आज भी वे भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि आदर्श राष्ट्र के रूप में छत्तीसगढ़ को विकसित करने का पीढ़ा उठाया है। इस यात्रा के दौरान उनकी सरकार 30 हजार करोड़ रूपये के काम के भूमिपूजन एवं लोकार्पण करने वाले है। उन्होंने कहा कि आगामी दो माह के अंदर वे 55 लाख स्मार्ट फोन यहां की जनता को बांटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उज्ज्वला गैस कनेक्शन में जिसका नाम नहीं उन्हें अब चिंता करने की जरूरत नहीं। अब पात्रता की सूची में सभी आ गये है। सब को अब गैस सिलेंडर मिलेगा।
मुख्यमंत्री डा. सिंह ने कांग्रेस पर जमकर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों को ना तो एक रूपये चावल और नमक दिया गया था और ना ही किसी गरीब के ईलाज के लिए 100 रूपये या 1000 रूपये की राशि दी गई थी लेकिन हमारी सरकार एक रूपये चावल व नमक के साथ ईलाज के लिए 50 हजार रूपये राशि स्मार्ट कार्ड के रूप में देने की व्यवस्था की है। डा. सिंह ने यह भी कि केन्द्र में कांग्रेस के शासनकाल में एक बार भी कोई केन्द्रीय मंत्री या मुख्यमंत्री यहां की जनता से मिलने नहीं पहुंचा लेकिन केन्द्र में हमारी सरकार बनने के बाद सीधे प्रधानमंत्री यहां आ रहे है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार 15 साल से यहां विकास कर रही है, लेकिन कांग्रेस को यह सब नहीं दिख रहा है। कांग्रेस विकास खोजने का काम यहां कर रही है। डा. सिंह ने कहा कि कांग्रेस आज राजनांदगांव में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया व प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के नेतृत्व में विकास खोज अभियान चला रही है। मैं कहता हूं कि पुनिया और बघेल क्यों सीधे उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को राजनांदगांव में विकास देखने बुलाना चाहिए और राजनांदगांव का एक चक्कर लगवाना चाहिए ताकि वे पीछले 20 साल पहले और आज की स्थिति में राजनांदगांव में क्या विकास हुए है इसका फर्क देख सकें। डा. सिंह ने कहा कि कांग्रेस विकास विरोधी है और इसी के चलते उन्हें 15 साल की सजा मिली है और अगर ऐसे ही विकास के विरोध रहे तो आगे 15 की जगह 1500 साल तक की सजा मिल सकती है।
यहाँ भी देखे – VIDEO: नक्सली आदिवासी समाज का सबसे बड़ा दुश्मन : राजनाथ सिंह
Add Comment