
उत्तरप्रदेश के मेरठ इलाके में शादी टूटने का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिस पर सहसा विश्वास करना मुश्किल हो जाएगा। पर ये सच है। जी हां, मेरठ के टीपी नगर में पंडित को 100 रुपए दक्षिणा दिए जाने से नाराज दुल्हन पक्ष ने ऐसा बखेड़ा किया कि शादी टूट गई और मामला थाने जा पहुंचा। यहां भी काफी मान-मनौव्वल की कोशिश जारी रही, पर फेरे नहीं हो सके। मीडियो रिपोट्र्स के मुताबिक सोमवार रात को दिल्ली से बारात मेरठ आई थी। सब कुछ ठीक-ठाक चल ही रहा था। देर रात दोनों पक्षों के परिजन और कुछ रिश्तेदार फेरों पर रुक गए थे। पुलिस के अनुसार दूल्हा पक्ष फेरों के लिए अपने पंडित को नहीं लाए थे। जिस पर तय हुआ था कि दुल्हन पक्ष के पंडित ही लड़के पक्ष की ओर से फेरों की रस्म करा देंगे। दूल्हा पक्ष बाद में उन्हें दक्षिणा दे देगा। फेरों की रस्म भी पूरी हो गई। बकौल पुलिस दूल्हे पक्ष से पंडित जी को दक्षिणा में केवल 100 रुपये ही दिए। आरोप है कि कम दक्षिणा देने को लेकर दुल्हन के पिता ने खूब बेइज्जती की। इसके बाद दूल्हे के पिता ने पंडित को 2100 रुपये दे दिए। लेकिन दुल्हन के पिता पर अपमानित करने का आरोप लगाकर दूल्हे का पिता अपने परिवार के पास जाकर रोने लगा।
पुलिस के अनुसार रिश्तेदारों ने बताया कि शादी की शॉपिंग के दौरान ही दोनों पक्षों में खटास शुरू हो गई थी। दोनों पक्षों ने दिल्ली में दुल्हन का लहंगा खरीदा था। लेकिन कहने के बावजूद भी दूल्हे को शेरवानी नहीं दिलायी थी। इस पर नाराज दूल्हा फोन पर बात करने पर दुल्हन को ताने मारता था। दोनों पक्षों के कुछ लोगों ने मंगलवार सुबह 10 बजे तक मामला सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं बनी। हंगामे की सूचना टीपी नगर पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों के उलझने पर पुलिस उन्हें थाने ले गई। जहां दुल्हन पक्ष ने दहेज में गाड़ी मांगने का आरोप लगाकर तहरीर दे दी। शाम तक पार्षद कुलदीप सैनी सहित कई गणमान्य लोगों ने मामला सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं बनी। रिश्तेदारों ने ये बात दूल्हे को बताई तो वो आपा खो बैठा। उसने मंडप में पास बैठी दुल्हन को खरी खोटी सुना दी। आरोप है कि दूल्हे ने भरे मंडप में दुल्हन को रिश्तेदारों के सामने हाथापाई कर अपमानित किया। इसके बाद ऐसा बखेड़ा हुआ कि बात पूरी तरह बिगड़ गई। दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। दुल्हन के पिता ने भी बेटी को विदा करने से इंकार कर दिया। इस पर मंडप में हंगामा खड़ा हो गया। आखिर में दोनों पक्षों ने समझौता कर संबंध खत्म करने का फैसला लिया।
यहाँ भी देखे – सरकार को जगाने इस राज्य के किसानों ने किया एक जून से गांव बंद का ऐलान, रोकेंगे सब्जी, दूध, फल की सप्लाई