रायपुर। यह जीवन आप लोगों का दिया हुआ है, इसलिए आज व्हील चेयर पर बैठ कर यहां आप लोगों के सामने आया हूं, मेरा जीवन आप लोगों के लिए हैं। उक्त बातें जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के सुप्रीमो एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने राजधानी रायपुर के साइंस कालेज में पन्ना सम्मेलन में मौजूद हजारों लोगों को संबोधित करते हुए कही।
श्री जोगी के 72 वां जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम मिशन सात दो बहत्तर के लिए में प्रदेश भर से हजारों की संख्या पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी समेत कार्यकर्तागण मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में जान फूंकते हुए चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि मेरे जीवन में कोई कमी नहीं है। वे गरीब से अमीर बने हैं। उनके बेटे अमित जोगी और पत्नी दोनों विधायक हैं। वे खुद कलेक्टर-एसपी से लेकर विधायक-सांसद और मुख्यमंत्री बने हैं। उन्हें पेंशन मिल रहा है। चाहते तो घर में आराम से सो सकते थे। उन्होंने कहा कि आप लोगों के लिए व्हील चेयर पर बैठकर यहां तक आएं है। उन्होंने अपने भाषण में राज्य और केन्द्र की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 21 सौ और 3 सौ रूपए बोनस देने का वायदा किया था, लेकिन सरकार ने इसको पूरा नहीं किया। कांग्रेस पार्टी ने भी देश में राज किया, लेकिन किसी ने जनता का भला नहीं किया। जोगी ने कहा कि उन्होंने क्षेत्रीय पार्टी इसलिए बनाई है, ताकि यहां के फैसले यहीं से लिए जा सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा को हराने का संकल्प लेकर मिशन 72 का लक्ष्य पूरा करेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं छग जनता कांग्रेस के संस्थापक अजीत जोगी आज अपना 72वां जन्मदिन मना रहे है। इस मौके पर आज सुबह से ही उनके निवास सागौन बंगले में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। बधाई देने वालों में कई समाज वर्ग के लोग भी शामिल रहे।
यहाँ भी देखे – पत्थरगड़ी तोडऩे जाने के बाद बंधक अधिकारी रिहा तो हो गए, लेकिन प्रशासन में हड़कंप, एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात
Add Comment