छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

सीएम ने भाजपा पर हमला बोला: मुख्यमंत्री बघेल ने कहा भाजपा के लोग षड्यंत्रकारी, झीरम में कांग्रेस नेताओं को मार डाला

भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने शुक्रवार को सीएम भूपेश बघेल को षड़यंत्रकारी कहा था। शनिवार को सीएम बघेल ने भाजपा पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि षड़यंत्रकारी तो वे लोग हैं। झीरम में हमारे नेताओं को षड़यंत्र करके मार डाला। अब जांच भी नहीं होने दे रहे हैं।

हेलिपैड पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा, षड्यंत्र तो वे करते हैं। कैसे लोगों को धोखा दिया जाए। कैसे लोगों की भावनाओं को भड़काया जाए। यह षड़यंत्र प्रदेश ही नहीं देश देख रहा है। 15 लाख देने का वादा किया। झांसे में ले आये और वोट ले लिया। आज तक किसी को 15 लाख रुपया मिला नहीं। दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने को बोले थे, नहीं मिला।

इसी छत्तीसगढ़ में आदिवासियों को गाय देने की बात कही थी, मिली नहीं। षड़यंत्र करने का काम उनका है। वो दिन-रात इसी उधेड़बुन में रहते हैं कि लोगों को कैसे गुमराह किया जाए। दरअसल भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने सरकार को फेल बताया था। उन्होंने सीएम पर षड्यंत्र का आरोप लगाया था।

कहा-भाजपा का सूपड़ा साफ होनेे वाला है
मुख्यमंत्री ने कहा, नगरीय निकाय के पिछले चुनाव में सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस जीती थी। सबमें हमारे महापौर हैं। इस बार चार नगर निगम, पांच नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में चुनाव हैं। इसमें भी हम अधिकांश सीटों पर जीतेंगे। भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। ये खीज निकालने के लिए ही भाजपा आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है।

Back to top button
close