
रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जहां पर्यावरण संरक्षण मंडल एवं वन विभाग के सौजन्य से शहरों एवं ग्रामों में हरियाली लाने के लिए वृक्षारोपण अभियान जोर-शोर से चलाया जाता है वहीं राजधानी रायपुर में नगर निगम एवं आरडीए द्वारा निर्मित कालोनियों में इन दिनों खुलेआम हरे भरे पेड़ों जिनमें सागौन, शीशम, पीपल, बड़ एवं सरई के पेड़ों की अवैध कटाई बिना अनुमति के की जा रही है।
सरकारी नुमाइंदे इस मसले पर खामोश हैं वहीं नगर निगम के कालोनियों प्रियदर्शनी नगर, डीडवानिया रिजेंसी, डीडीयू नगर बजाज कालोनी, आदि में उद्यान के लिए रिक्त भूखंडों पर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
शासन-प्रशासन पर उक्त आरोप ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर के संस्थापक अमिताभ दुबे, चेयरमेन मोहन वार्लयानी, एनआर नायडू अध्यक्ष ग्रीन आर्मी शशिकांत मीडिया प्रभारी, एवं प्रियदर्शनीनगर के वरिष्ठ नागरिक भरत त्रिवेदी ने संयुक्त रूप से लगाया।
पत्रकारवार्ता में वार्ताकारों ने बताया कि राजेन्द्र नगर थाने के पीछे 15 हजार स्क्वेयर फीट के शासकीय भूखंड पर अवैध निर्माण किया जा रहा है वहीं प्रियदर्शनीनगर में डेढ़ एकड़ भूखंड पर बने उद्यान को उजाडक़र सार्वजनिक भवन बनवाया जा रहा है।