
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने लगभग ढाई महीने तक चले प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान में प्राप्त सहयोग के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि शासन और जनता के बीच संवाद और सम्पर्क सेतु को और भी ज्यादा सुदृढ़ बनाने के लिए देश के इस सबसे बड़े और इकलौते अभियान को पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रदेशवासियों के भरपूर सहयोग से अच्छी कामयाबी मिली है। अभियान में व्यापक जन-भागीदारी से सुशासन का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने आज इस अभियान के समापन दिवस पर जनता के नाम जारी अपने आभार संदेश में कहा है कि लोक सुराज सरकार और जनता के बीच परस्पर संवाद का एक ऐसा अभियान है, जिसमें किसानों, मजदूरों, युवाओं, छात्र-छात्राओं और समाज के सभी वर्गों के बीच बैठकर उनकी आशाओं और अपेक्षाओं को समझकर प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए योजनाओं को और भी अधिक बेहतर ढंग से संचालित करने में सरकार को काफी मदद मिलती है। यह छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से योजनाओं की जमीनी समीक्षा के साथ-साथ सोशल आडिट (सामाजिक अंकेक्षण) की दृष्टि से भी देश का सबसे बड़ा अभियान है।
डॉ. सिंह ने लोक सुराज अभियान में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, संसदीय सचिवों, सभी विधायकों, सांसदों, त्रि -स्तरीय पंचायतों और शहरी निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों तथा समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से प्राप्त सहयोग की प्रशंसा करते हुए उन्हें भी दिया धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में मुख्य सचिव और प्रभारी सचिवों सहित सभी विभागों के राज्य स्तरीय, जिला स्तरीय, तहसील और विकासखंड तथा ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों का भी सराहनीय योगदान रहा। हर जिले में कलेक्टर और उनकी पूरी टीम ने अभियान को सफल बनाने में काफी मेहनत की। मैं प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति भी आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से राज्य सरकार किसी न किसी रूप में इस प्रकार के समयबद्ध अभियान के जरिये हर साल गर्मियों में जनता के बीच पहुंच रही है। पहले ग्राम सुराज अभियान, फिर ग्राम सुराज के साथ नगर सुराज अभियान और अब वर्ष 2015 से ग्राम और नगर दोनों को मिलाकर लोक सुराज अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी देखे –सुशासन को साकार करना लोक सुराज का मुख्य उद्देश्य : डॉ. रमन सिंह