रायपुर। रविवार को बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में एक दिन में एक साथ ग्यारह सौ शादियों का एक नया कीर्तिमान बनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रविवार शाम को बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में गरीब परिवारों की ग्यारह सौ बेटियों की शादी में शामिल होकर सभी जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। समारोह का आयोजन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज चैत्र नवरात्रि तथा भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2075 के शुभारंभ के दिन गरीब परिवारों की ग्यारह सौ बेटियों के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत इस विशाल सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन वास्तव में एक बड़ा पुण्य का कार्य है। मुख्यमंत्री ने कहा-विवाह सिर्फ एक मिलन उत्सव नहीं, बल्कि गृहस्थ जीवन में प्रवेश के साथ अपनी पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का भी एक संकल्प है। समारोह में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के गांवों से चयनित कन्याओं के विवाह उनके अपने रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए।
इनमें से तोकापाल परियोजना की 115, जगदलपुर शहरी परियोजना की 80, जगदलपुर ग्रामीण परियोजना की 150, बकावण्ड की दोनों परियोजनाओं से 181, दरभा परियोजना की 165, लोहाण्डीगुड़ा परियोजना की 143, बास्तानार परियोजना की 87 और बस्तर परियोजना की 179 कन्याएं शामिल हैं। बस्तर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत इन्हें मिलाकर अब 8647 जोड़ों के विवाह संपन्न हो चुके हैं।
यहाँ भी देखे – पेड़ की डाल पर खेल रहे बच्चों से मुख्यमंत्री ने मिलाया हाथ, कहा-तुमसे मिलकर बचपन याद आ गया
Add Comment