
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा के एक्जिट पोल के बाद दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता लोभ में अपने को सुरक्षित समझने का भ्रम प्रदर्शित करने में लगी है।
रमन सरकार पिछले 15 वर्षों में हजारों अन्नदाताओं की मौत की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। उन्होंने अन्नदाताओं के साथ झूठे वादे कर वादा खिलाफी की है। धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में किसान लाचार, बेबस और फांसी का फंदा लगाने पर मजबूर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2013 के अपने घोषणापत्र में किसानों के एक-एक दाने धान खरीदने का संकल्प लिया था। वर्ष 2013-14 में 80 लाख टन धान खरीदी की। जबकि वर्ष 2017-18 में मात्र 56 लाख टन धान। देश में औसत सिंचाई रकबा 50 प्रतिशत है जबकि भाजपा शासित छत्तीसगढ़ में केवल 36 प्रतिशत ही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह प्रदेश में किसानों को वोट बैंक से अधिक कुछ नहीं समझा। छग के किसानों को सिर्फ और सिर्फ कृषि आधारित होने के चलते भारी नुकसान उठाना पड़ा जिससे कृषि ऋण का बोझ बढ़ता गया और किसान आत्महत्या करते रहे। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। किसान, मजदूर, युवा सभी वर्गों में खुशहाली आएगी।
यह भी देखे : EXIT POLL पर बोले अजीत जोगी- सिर्फ एक हजार लोगों से पूछ कर कोई कैसे तय कर सकता है सरकार…सही नहीं…