छत्तीसगढ़ में रायपुर और दुर्ग के बाद अब बेमेतरा, राजनांदगांव और बालोद जिले में भी 9 दिन का टोटल लॉकडाउन लगा दिया गया है। कोरोना से बिगड़ते हुए हालात को देखते हुए कलेक्टर ने 10 अप्रैल की शाम छह बजे से लेकर 19 अप्रैल तक लॉकडाउन का निर्णय लिया। वहीं, कोरबा जिले में दुकानों के खुले रहने का समय घटा दिया गया है। नये आदेश के मुताबिक सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही दुकानें खुली रह सकेंगी। रायपुर कलेक्टर ने लॉकडाउन की शर्तों में परिवर्तन कर दिया है। अब विवाह और अन्त्येष्टि में 10 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी। पहले ऐसे आयोजनों में 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति थी। शादी को वर अथवा वधु के घर में संपन्न कराने को कहा गया है। यानी इसके लिये मैरेज हॉल या होटल-धर्मशाला से आयोजन की अनुमति नहीं मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 10,310 नए केस मिले हैं। 53 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 24 लोगों को कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियां भी थीं, इसलिए प्रशासन 29 मौतों का कारण ही कोरोना को मान रहा है। बुधवार को 42,289 कोविड टेस्ट किए गए थे। नए मरीजों के मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में एक्टिव मरीजों की संख्या 58,883 हो गई है। उधर, रायपुर में लॉकडाउन से पहले ही जरूरी सामानों की कालाबाजारी शुरू हो गई है।
9 टीमों की दुकानदारों पर नजर, रेट ज्यादा मिलने पर होगा एक्शन
संक्रमण की बढ़ती रफ्तार की वजह से दुर्ग जिले में 6 से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा हुआ है। रायपुर में भी शुक्रवार शाम 6 बजे से 10 दिनों के लिए टोटल लॉकडाउन हो जाएगा। इससे पहले ही दुकानदारों ने अचानक जरूरी सामान की कीमतें बढ़ा दी हैं। रायपुर कलेक्टर डॉक्टर एस. भारतीदासन ने कालाबाजारी रोकने अधिकारियों की 9 टीम बनाई हैं। इसमें शामिल अधिकारियों को बाजारों और दुकानों पर नजर रखने को कहा गया है। यदि किसी भी दुकान में सामान की कीमत ज्यादा मिलती है तो टीम दुकानदारों पर कार्रवाई करेगी। कलेक्टर ने बताया कि टीम शुक्रवार शाम तक जांच कर कार्रवाई करेंगी।
इन शहरों में कोरोना केस ज्यादा
दुर्ग शहर में 1664 नए मरीज मिलने के बाद यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 15,297 हो गई है। बुधवार को यहां 6 लोगों की मौत हुई। राजनांदगांव में 873 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, 1 शख्स की मौत हुई। राजनांदगांव में 5,423 कोरोना के एक्टिव मरीज हैं। बिलासपुर शहर में 600 नए संक्रमित मिलने के बाद इस शहर में एक्टिव मरीजों की संख्या 2,786 हो गई है। बुधवार की स्थिति में यहां 7 लोगों की जान गई। रायगढ़ में 153 नए संक्रमित मिले, 2 लोगों की जान गई। बस्तर में 68 नए कोरोना संक्रमित मिले। बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा 139 मरीज कांकेर से सामने आए।
Add Comment