Breaking Newsछत्तीसगढ़स्लाइडर

छत्तीसगढ़ में दोपहर का तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ा… रात की ठंड गायब… अब बढ़ेगी गर्मी…

राजधानी में रविवार को न सिर्फ दोपहर का तापमान 32 डिग्री के पार चला गया, बल्कि सुबह साढ़े 5 बजे भी तापमान 18 डिग्री के करीब रहा और रात की ठंड लगभग गायब हो गई। पूरे प्रदेश में दोपहर और रात के तापमान में ऐसी ही वृद्धि दर्ज की गई है।

उत्तर के बजाय उत्तर-पश्चिम से आने वाली हवा के कारण दोपहर में गर्मी महसूस होने लगी है। अगले दो दिन तक दिन और रात के तापमान में आधा से एक डिग्री तक की वृद्धि के संकेत हैं, लेकिन गर्मी पड़ने के कारण सोमवार रात या मंगलवार को हल्के बादल आने की संभावना बढ़ गई है।



प्रदेश में हवा की दिशा बदल रही है। अब तक यह उत्तरी थी, अब उत्तर-पश्चिमी है। दिन बड़ा और रात छोटी होने लगी है। दिन में धूप ज्यादा देर रहने की वजह से दोपहर का तापमान बढ़ रहा है। रात छोटी होने की वजह से ज्यादा ठंडी नहीं हो पा रही है।

लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार मंगलवार से हवा की दिशा बदलेगी और समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आएगी। नमी के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बदली-बारिश हो सकती है। इससे दिन का तापमान कुछ कम हो सकता है। रात के तापमान में भी थोड़ी गिरावट के आसार हैं।

इधर, रायपुर ही नहीं बल्कि बिलासपुर में भी तापमान 33 डिग्री पर पहुंच गया। राजनांदगांव और दुर्ग में पारा 32 डिग्री से ऊपर रहा। सभी जगह तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री तक अधिक हो गया है। इस वजह से दिन में गर्मी लग रही है।

Back to top button
close