ठंड ने असर दिखाना किया शुरू…बदली छटते ही और बढ़ेगी…

रायपुर। दिसंबर का महीना आते ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अब धीरे-धीरे ठंड बढऩे लगी है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति है। अभी भी बदली आई हुई है। बदली छटते ही ठंड में और इजाफा होगा। उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में गिरावट आई है।
दक्षिणी छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। आउटर में पड़ रही कड़ाके की ठंड राजधानी में भले ही रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया जा रहा है, लेकिन मैदानी इलाके खासकर शहर के आउटर में रात का तापमान 14 से 13 डिग्री के बीच है। इन इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शाम ढलते ही ठंड शुरू हो जाती है, जो सुबह के 8.30 बजे तक रहती है।
रविवार को रात का तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 1 दिसम्बर को 16.8 डिग्री था। उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में गिरावट आई है। यहां रात का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।
इस कारण से उत्तर से जो ठंडी हवाएं आनी चाहिए, उतनी नहीं आ रहा है। इस कारण से राजधानी में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। यह स्थिति 48 घंटे तक रह सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी।
कहां कितना रहा रात का तापमान (डिग्री से.)
- रायपुर – 16.6
- माना – 15.9
- बिलासपुर – 14.3
- पेंड्रारोड – 11.2
- अंबिकापुर – 9.8
- जगदलपुर – 12.0
- दुर्ग – 13.4
- राजनांदगांव – 14.2