
जांजगीर-पामगढ़। जब एक भाजपा विधायक ने अपनी उपलब्धियां गिनानी शुरू की तो बर्खास्त सचिव ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उक्त बर्खास्त सचिव ने फेसबुक पर कमेंट कर वायरल कर दिया जिससे हड़कंप मच गया। राज्य सरकार ने वर्ष 2018-19 के बजट में पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अरबों रुपए की लागत के कई कार्यों की स्वीकृति दी है। इसे अपनी उपलब्धि व कठिन प्रयास बताते हुए पामगढ़ के भाजपा विधायक व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े ने 17 फरवरी की शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट बजे फेसबुक में एक पोस्ट डाला। इस पोस्ट में जहां कई अच्छे कमेंट आए। वहीं पामगढ़ के धरदेई ग्राम पंचायत सचिव शिव साहू ने अंबेश जांगड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए एक कमेंट पोस्ट किया है। शिव साहू का कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। इधर शिव साहू का कहना है कि वह पिछले एक साल से वाट्सअप चला ही नहीं रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक साल से फेसबुक चलाते ही नहीं है। यदि ऐसा कमेंट आया है तो उन्हे पता नहीं है कि किसने उनके नाम की आईडी उपयोग करके यह कमेंट लिखा है। वहीं पामगढ़ विधायक एवं संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े का कहना है कि अपनी-अपनी सोच है। उन्होंने अपनी सोच कमेंट के रूप में लिखी है, जो उसकी मानसिकता को दिखाता है। मैं इस पर काई टिप्पणी नहीं देना चाहता हूं। जानकारी के मुताबिक एक महीने पहले पामगढ़ अंतर्गत ग्राम कुटरा में आयोजित गुरु घासीदास बाबा की जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पहुंचे थे। इस दौरान संसदीय सचिव ने मुख्यमंत्री से अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई मांगे की थीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा करने का आश्वासन भी दिया और बजट सत्र में लगभग 27 अलग-अलग कार्यों को कराने के लिए अरबों के बजट की स्वीकृति दी। इसे जनता तक पहुंचाकर अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए संसदीय सचिव जांगड़े ने फेसबुक में पोस्ट डाला था।