बलौदाबाजार। जिले में कोरोना संकट के बीच एक खुशखबरी मिली है। यहां क्वारेंटाइन एक महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। गांव के स्कूल में 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन महिला को प्रसव पीड़ा होने पर कोविड-19 अस्पताल ले जाया गया जहां महिला ने बच्ची को जन्म दिया। जिसके बाद अस्पताल में खुशी का माहौल है।
जिले के पलारी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बनगबौद निवासी गर्भवती महिला भुनेश्वरी कुर्रे अपने पति लकेश्वर कुर्रे के साथ 12 मई को नागपुर महाराष्ट्र से लौटी है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उन्हें बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके कारण वे वापस अपने गांव वापस आना चाहते थे।
कुर्रे परिवार नागपुर से राजनांदगांव होते हुए रायपुर तक ट्रक से आए, जहां से अपने गांव एक ऑटो के जरिए आए। जिला की सीमा पर स्थित खरतोरा नाका में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद परिवार को गांव के ही प्राथमिक स्कूल में 14 दिनों के लिए होम क्वारेंटाइन किया गया।
सोमवार रात में अचानक महिला को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद परिवार और गांव वालों ने तत्काल 108 पर कॉल कर एम्बुलेंस बुलाई। 10 मिनट में ही एम्बुलेंस पहुंच गई, जहां से महिला को जिला कोविड अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्स की मदद से भुनेश्वरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।
बच्ची के जन्म पर भुनेश्वरी के परिवार सहित अस्पताल के डॉक्टरों व कर्मचारियों में भी खुशी का माहौल है। जिला कलेक्टर कार्तिकेया गोयल को इसकी जानकारी मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के साथ महिला को भी बधाई दी।
Add Comment