रायपुर। प्रदेश देवांगन कल्याण समाज के अध्यक्ष प्रदीप देवांगन ने युवा जनपद पंचायत अध्यक्ष खिलेश देवांगन को सर्वसम्मति से युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। वहीं रायपुर के मनोहर देवांगन को प्रदेश युवा महासचिव बनाया गया है।
वर्तमान युवा अध्यक्ष ज्ञानेंद्र देवांगन को निष्क्रियता के कारण सर्वसम्मति से हटाने का फैसला किया गया है। प्रदेश देवांगन कल्याण समाज की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में यह घोषणा की गई।
बैठक में और भी कई अहम फैसले लिए गए। अंतरजातीय विवाह पर समाज द्वारा ऐतिहासिक फ़ैसला किया गया। अब अंतरजातीय विवाह करने वाला व्यक्ति समाज का कोई भी पद धारण नहीं कर सकेगा। साथ ही राजनादगांव जिले का संगठन पंजीयन क्रमांक.11930 का मुख्य संगठन में विलय किया गया।
डिजिटल जनगणना के संचालन के लिए जिला, मंडल और गांव स्तर पर समिति बनाने का निर्णय लिया गया है। डिजिटल जनगणना में भाग लेने वाले ही आगामी संगठन चुनाव में मतदाता बन सकेंगे। संगठन चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप देवांगन, संरक्षक तिलक देवांगन, उपाध्यक्ष मदन देवांगन, राष्ट्रीय युवा सचिव दानसिंह देवांगन, प्रभारी महासचिव परस देवांगन, राष्ट्रीय महिला उपाध्यक्ष प्रीति देवांगन, प्रदेश महिला अध्यक्ष किरण देवांगन, रायपुर जि़ला अध्यक्ष ईश्वर देवांगन, महानगर अध्यक्ष चोवाराम देवांगन, समेत अधिकांश जि़ला के जि़ला अध्यक्ष एवं जि़ला महासचिव उपस्थित थे।
यह भी देखें :
Add Comment