छत्तीसगढ़: लोकसभा चुनाव 2019, राहुल गांधी का बड़ा दाव…न्यूनत आमदनी गारंटी योजना लागू करने का एलान… किसानों का जताया आभार, कहा… राज्य का चावल विदेशों के डायनिंग टेबल तक पहुंचेगा…

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज अटलनगर (नया रायपुर) में किसान आभार सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव 2019 के लिए एक बड़ा दाव खेला है। उन्होंने गरीबों के लिए न्यूनत आमदनी गारंटी योजना लागू करने का एलान करते हुए मतदाताओं को कांग्रेस की ओर रिझाने का काम किया है।
विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार से कर्ज माफी की घोषणा ने काम किया और 15 साल से काबिज भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका। उसी तर्ज पर लोकसभा चुनाव में भी उनका यह पैतरा काम कर जाए।
किसान आभार सम्मेलन-कृषि ऋण मुक्ति कार्यक्रम में आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यदि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकार हर गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आमदनी देगी। इससे न तो देश में कोई भूखा रहेगा और न ही कोई गरीब व्यक्ति पैसों के लिए तरसेगा।
श्री गांधी ने कहा कि देश के चौकीदार के पास अरबपतियों के कर्ज माफ करने के लिए पैसा है, मगर गरीब किसानों के कर्ज माफी के लिए पैसा नहीं है। विजय माल्या, राहुल चौकसी जैसे उद्योगपति देश की जनता की गाढ़ी कमाई लेकर विदेश भाग जाते हैं और देश का चौकीदार देखता रह जाता है।
उन्होंने कहा कि आज हिन्दुस्तान को बांटने का प्रयास हो रहा है, एक हिन्दुस्तान में बड़े उद्योगपति रहेंगे जो जनता का पैसा लेकर निजी हवाई जहाज में उडेेंगे और दूसरा हिन्दुस्तान वो होगा जो सिर्फ मन की बात सुनेगा। ऐसा हिन्दुस्तान हम हरगिज नहीं बनने देंगे।
अपने उद्बोधन में राहुल गांधी ने कहा कि हम देश में अमीरी और गरीबी को पाटने की सोच रहे हैं। जबकि देश का चौकीदार केवल उद्योगपतियों की चौकीदारी करने में व्यस्त है। श्री गांधी ने कहा कि हम एक हिन्दुस्तान चाहते हैं, ऐसा हिन्दुस्तान जहां प्रत्येक नागरिक को उसकी न्यूनतम आमदनी मिल सके।
2019 के चुनाव में यदि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो यह काम जरूर होगा। जहां प्रत्येक गरीब के लिए न्यूनतम आमदनी की योजना अमल में लाई जाएगी। श्री गांधी ने आगे कहा कि हमने जब भी भाजपा की राज्य सरकार और केन्द्र सरकार से सवाल किया, हमें भटकाने की कोशिश की गई।
हमने भाजपा शासित राज्य सरकार से पूछा कि किसानों का कर्जा कब माफ होगा, राज्य सरकारों ने एक ही जवाब दिया कि राज्य के पास इतना पैसा नहीं है। यही सवाल हमने केन्द्र सरकार से किया तो देश के चौकीदार ने कहा कि सरकार के पास इतना पैसा नहीं है।
दूसरी ओर केन्द्र सरकार अरबपतियों के हजारों करोड़ का कर्जा माफ कर देती है, लेकिन देश के गरीब अन्नदाताओं का कर्जा माफ नहीं करती। देश के चुनिंदा 15 बड़े उद्योगपतियों का हजारों करोड़ माफ किया गया। अकेले अंबानी को 30 हजार करोड़ का लाभ पहुंचाया गया यह पैसा कहां से आया?
जो वादा किया हमने निभाया
श्री गांधी ने कहा कि हमने जो वादा प्रदेश की जनता से किया था वो हमने निभाया भी है। क्या कारण है कि जो काम 15 साल में भाजपा सरकार नहीं कर सकी, वो कांग्रेस की सरकार ने महज चंद घंटों में कर दिखाया। इससे समझा जा सकता है कि पूर्ववती सरकार ने जनता से सिवाए झूठ के कुछ नहीं कहा था।
श्री गांधी ने कहा कि पैसों की कमी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा दो हिंदुस्तान बनाना चाहते हैं, एक देश जहां कर्जा माफी का, राफेल घोटाले का बड़े उद्योगपतियों का होगा जहां वे निजी हवाई जहाज में घूमेंगे और दूसरा हिन्दुस्तान वो होगा जहां जनता को सिर्फ मन की बात सुनने को मिलेगी। हम ऐसा हिन्दुस्तान कभी नहीं बनने देंगे।
देश में हवाई जहाज बनता तो लाखों को रोजगार मिलता
राफेल मामले में श्री गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि राफेल मामले में श्री मोदी ने एढ़ी-चोटी का जोर लगाया और इसका करार अंबानी को दिलवा दिया। यदि यह करार देश की एजेंसी को मिलता तो हजारों युवाओं को रोजगार मिलता, देश का पैसा देश में रहता और देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक कदम और बढ़ जाता। लेकिन श्री मोदी ने ऐसा नहीं होने दिया, यह दुनिया का सबसे बड़ा सौदा है जहां एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए तमाम नियम-कायदों को ताक में रख दिया गया।
छग का धान ही नहीं अब सब्जियां भी जाएगी विदेश
राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहलाता है, यह अब केवल धान का कटोरा नहीं रहेगा। यहां की सब्जियां, फल अब विदेशों तक जाएगी। इसके लिए कांग्रेस सरकार हर संभव प्रयास करेगा। फूड प्रोसेसिंग का जाल बिछाया जाएगा, किसानों की उपज सीधे प्लांट तक आएगी और यहां से देश-विदेश जाएगी। इससे किसानों की जहां आय बढ़ेगी तो वहीं युवाओं को प्लांटों में रोजगार भी मिलेगा।
सभी लोगों के लिए राहुल-भूपेश और कांग्रेस नेताओं के दरवाजे रहेंगे खुले
श्री गांधी ने कहा कि राज्य में बनी कांग्रेस की सरकार केवल पार्टी की सरकार नहीं, बल्कि आमजनों की सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पार्टी को और कांग्रेसजनों को एक बड़ी जिम्मेदारी दी है और पूरी कांग्रेस पार्टी इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए राहुल गांधी से लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के सभी नेताओं के दरवाजे हमेशा खुले हैं और खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की मंशानुरूप काम करेगी।
कांग्रेस के आगे अंग्रेज नई टिकिस त चोर मन काय टिकहि- भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी भाषा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताते हुए अपना उद्बोधन शुरू किया। श्री बघेल ने ठेठ छत्तीसगढ़ी में कहा कि कांग्रेस के आगू त अंग्रेज मन नई टिकिस त चोर मन काय टिकहि। श्री बघेल ने कहा कि राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि श्री गांधी के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ा गया।
ऐतिहासिक जीत हुई और आज तक प्रदेश की राजनीति में जो नहीं हुआ वो हुआ। कांग्रेस को एक तिहाई स्पष्ट बहुमत मिला जो इस बात का प्रमाण है कि प्रदेशवासी 15 साल के कुशासन से त्रस्त हो चुके थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में अपना उद़बोधन जारी रखते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती से जो लगाव स्व. इंदिरा गांधी, राजीव गांधी का रहा, वही लगाव राहुल गांधी का भी इस धरती से है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आम जनता के हित के लिए कई योजनाएं शुरू की और यही वजह है कि देश को जब भी बड़े निर्णय और कदम उठाना पड़ा, कांग्रेस ने हर कदम पर ऐसे निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि देश में एक तरह संविधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता का अधिकार छीनने वाले लोग खड़े हैं तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी खड़ी है जो आमजनों की लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी होने का मतलब अब लोग भी समझ रहे हैं, देश की राजनीति में और केन्द्र में उनकी जरूरत कितनी है, यह अब जनता अच्छे से समझ चुकी है।
किसानों की कर्ज माफी, गरीब किसानों की जमीन वापसी, संविधानिक अधिकारों में वृद्धि का दूसरा नाम राहुल गांधी है। किसानों को उनकी उपज का सही दाम, 2500 रूपए प्रति क्विंटल में धान खरीदी का नाम आज राहुल गांधी हो गया है।
आदिवासियों को, तेंदूपत्ता संग्राहकों को मानक बोरे के रूप में 4000 रूपए देना, लोहंडीगुड़ा में आदिवासियों की जमीनें वापस करने का दूसरा नाम आज राहुल गांधी हो गया है। प्रदेश के 16 लाख से अधिक किसानों की ऋण माफी होना राहुल गांधी के कारण ही संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि आज से ही किसानों के खातों में पैसा ट्रांसफर होना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र अब राज्य की कांग्रेस सरकार का एजेंडा बन गया है और यह काम अब पूरे 5 साल तक चलता रहेगा। कार्यक्रम की शुरूआत में प्रदेश के किसानों को ऋण माफी का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।





